
चित्रकूट. 40 से 48 डिग्री तापमान से तप रहे बुन्देलखण्ड में पिछले 24 घण्टे के दौरान बादलों की रहमत बारिश बनकर बरसी है। अब बुन्देलखण्ड एक बार फिर इस सुखद आगाज़ से उम्मीदों के आसमान पर टकटकी लगाए बुन्देलखण्ड को मानसून से कृपादृष्टि की आस बंधी है। चित्रकूटधाम मंडल के चित्रकूट और बांदा में मेघदूतों ने तपती धरती को ठंडक पहुंचाई तो वहीं इंसानों से लेकर वन्य जीव प्राणियों को काफी हद तक राहत मिली। मानसून पहुंचने चंद दिनों पहले (प्री मानसून) हुई जोरदार बारिश ने छोटी नदियों नालों को उफान पर ला दिया और कई जगह आवागमन के मार्ग बाधित हुए। अन्नदाताओं के माथे पर चिंता की लकीरें भी इस बारिश से थोड़ी धुंधली हुई हैं और उन्हें भी अबकी ठीक ठाक बारिश की उम्मीद बंध गई है।
पिछले 24 घण्टे के दौरान बुन्देलखण्ड में बादलों की कृपादृष्टि ने सूखी तपती धरती और भीषण गर्मी व् उमस से बेहाल प्राणियों को राहत पहुंचाई है। कई दिनों से 40 से 48 डिग्री तक के तापमान में झुलस रहे आम जनजीवन ने इंद्र देव को शुक्रिया अदा किया और प्रार्थना भी कि यही कृपा मानसून में भी बनी रहे क्योंकि पिछले कई वर्षों से बुन्देलखण्ड में बादलों का छल कपट यूं ही जारी है कि मानसून से पहले मेघदूत दयावान बन जाते हैं और जब मानसून आता है तो यही दूत निर्दयी बन जाते हैं।
झूम के बरसे बदरा
चित्रकूट धाम मण्डल के चित्रकूट व् बांदा में झूम के बरसे बदरा। बांदा में मौसम विभाग के मुताबिक लगभग 14 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई जबकि चित्रकूट में पहले तेज आंधी तूफान ने ट्रेलर दिखाया फिर बादलों ने मरहम लगाते हुए मूसलाधार बारिश की। मौसम विभाग के मुताबिक प्री मानसून का यह खेल अभी जारी रह सकता है। मंगलवार से चल रहीं दक्षिण पश्चिम हवाएं बारिश की सौगात लेकर आ रही हैं। सो हो सकता है कि मानसून के चंद दिनों पहले एक दो बार और ठीक ठाक बारिश हो जाए। चित्रकूट में कई जगहों पर छोटी नदियों व् नालों के उफान पर आने से आवागमन कुछ समय के लिए बाधित हुआ। कई इलाकों में लोगों को जलभराव की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले कई वर्षों से मानसून की दगाबाजी झेल रहा बुंदेलखण्ड
पिछले कई वर्षों से बुंदेलखण्ड मानसून की दगाबाजी झेल रहा है। हालात यहां तक पहुंच गए कि आज इलाके के न जाने कितने जलस्रोत सूख गए हैं और बांधों में मानक के मुताबिक पानी तक नहीं है। हर साल गर्मी की दस्तक होते ही पेयजल संकट की मार शुरू हो जाती है। मानसून की इसी बेवफाई के चलते बुंदेलखण्ड का अन्नदाता आज तबाही और बर्बादी की कगार पर आ खड़ा हुआ है।
विद्युत् व्यवस्था भी चरमराई
जनपद में तेज आंधी व बारिश ने जहां एक ओर तपन से राहत दिलाई आम जन जीवन को वहीँ विद्युत् व्यवस्था पटरी से उतर गई। तेज आंधी के चलते शहरी से ग्रामीण क्षेत्रों तक कई बिजली के पोल खम्भे गिरने से विद्युत् व्यवस्था चरमरा गई है। विभाग व्यवस्था को पटरी पर लाने के प्रयास में जुटा है लेकिन सुदूर इलाकों में कुछ ज़्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।