चित्रकूट

ओवैसी पर जमकर बरसीं भाजपा की फायर ब्रांड नेत्री, राम मंदिर निर्माण को लेकर कह डाली ये बड़ी बात

साध्वी ने कहा कि अब गरीबों किसानों को इलाज के लिए अपनी संपत्ति नहीं बेचनी पड़ेगी...
2 min read
Sadhvi Niranjan Jyoti in Chitrakoot UP hindi news
ओवैसी पर जमकर बरसीं भाजपा की फायर ब्रांड नेत्री, राम मंदिर निर्माण को लेकर कह डाली ये बड़ी बात

चित्रकूट. भाजपा की फायर ब्रांड नेत्री और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने असदुद्दीन ओवैसी (एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद) पर जमकर भड़ास निकालते हुए कहा कि ओवैसी बार बार बाबरी मस्जिद की बात करते हैं तो वे यह बताएं कि वे भारत के बेटे हैं या नहीं ? केंद्रीय मंत्री ने शब्दबाणों की वर्षा करते हुए कहा कि बाबर भारत में नहीं पैदा हुए थे। इस बीच अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर साध्वी के तेवर कुछ नरम दिखे और उन्होंने पूरे मामले की सुनवाई देश के शीर्ष कोर्ट में होने की बात कहते हुए कहा कि राम मंदिर छलावा नहीं है लेकिन मामला चूंकि कोर्ट में है इसलिए सरकार हस्तक्षेप नहीं कर सकती परन्तु मंदिर बनने की उन्हें पूरी उम्मीद है। केंद्र सरकार की तारीफ़ करते हुए निरंजन ज्योति ने बजट (2018) को गांव गरीब और किसानों के लिए हितकारी बताया। हलांकि राम मंदिर निर्माण पर हमेशा से प्रखर संवाद करने वालीं साध्वी निरंजन ज्योति ने बार बार केस की सुनवाई कोर्ट में होने की बात कहते हुए बोला कि उन्हें नहीं पता कि सुनवाई कब तक चलेगी।

गांव, गरीब और किसानों का बहट

भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट में आयोजित चार दिवसीय 45वें राष्ट्रीय रामायण मेले के समापन अवसर पर शिरकत करने आईं भाजपा की तेज तर्रार फायरब्रांड नेत्री और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने विरोधियों को आड़े हांथों लेते हुए कहा कि पिछले सत्तर वर्षों के दौरान यदि कृषि और किसानों पर ध्यान दिया जाता तो आज किसानों की हालत दयनीय न होती और वे आत्महत्या के लिए मजबूर न होते। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट की तारीफ करते हुए इस बार का बजट गांव, गरीब और किसान के लिए है।

बजट की अमेरिका से तुलना

कुछ महीनों पहले मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने राज्य की सड़कों को अमेरिका से बेहतर बताया था तो आज भाजपा की एक और तेज तर्रार नेत्री ने मोदी सरकार के 2018 के बजट को अमेरिका से बेहतर बताया। साध्वी निरंजन ज्योति ने बजट के बारे में कसीदे पढ़ते हुए कहा कि अमेरिका जैसे देश भी गरीबों के लिए पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा नहीं दे सके। हलांकि यह बात बोलते हुए उन्हें थोड़ा झिझक जरूर लगी शायद यह सोचकर कि अमेरिका में स्वास्थ्य सेवाओं और भारत की स्वास्थ्य सेवाओं तथा अमीरी गरीबी में जमीन आसमान का फर्क है। साध्वी ने कहा कि अब गरीबों किसानों को इलाज के लिए अपनी संपत्ति नहीं बेचनी पड़ेगी। किसानों को कर्जदार पिछली कॉंग्रेस सपा बसपा की सरकारों ने बनाया हमने नहीं।

कोर्ट सबूत के आधार पर चलता है

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर साध्वी निरंजन ज्योति ने नरम रुख अपनाते हुए इस पूरे मामले को कोर्ट का मामला बता दिया। फिलहाल उन्होंने इतना जरूर कहा कि एक संत होने के नाते उनकी इच्छा है कि मंदिर बने और ऐसी उम्मीद भी है। पूरा मामला कोर्ट में है और सरकार ने पक्ष रखा है। जिस स्थान पर मस्जिद है उसके नीचे देवी देवताओं के चिन्ह बने हुए थे। राम मंदिर छलावा नहीं आस्था का विषय है। कोर्ट सबूत के आधार पर चलता है और सारे सबूत एकत्रित हैं।

Published on:
18 Feb 2018 07:33 am