
चित्रकूट. बुन्देलखण्ड में पानी पर पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है, लेकिन हलक सूखे के सूखे ही हैं और बाशिंदे हलकान हुए जा रहे हैं। हुक्मरानों की लाख दलीलों के बावजूद हकीकत की तस्वीरें उन्हें आइना दिखाती हैं। चित्रकूटधाम मण्डल का चाहे बांदा जनपद हो या चित्रकूट या फिर महोबा या हमीरपुर, सभी इलाकों में पानी के लिए जून में लोग जल रहे हैं। आंकड़े कुछ और कहते हैं धरातल पर तस्वीरें कुछ और बयां करती हैं। मण्डल के बांदा जनपद में तो कई गांव ऐसे हैं जहां पांच-पांच सौ मीटर दूर जाना पड़ता है पानी की जद्दोजहद के लिए। कमोबेश यही हाल पूरे मण्डल का है।
कई इलाके बे पानी हैं
बात यदि चित्रकूट कि की जाए तो यहां भी प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह कई बार पेयजल समस्या को लेकर बैठक और दावे कर चुके हैं, लेकिन हालात अमावस्या की रात जैसे ही हैं। जल संस्थान और जल निगम की उदासीनता के चलते शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक की स्थिति बदहाल है। पाठा की तो वही कहानी है कई इलाके बे पानी हैं।
बुन्देलखण्ड में पेयजल समस्या अब सुरसा का वो मुंह बन चुकी है, जिससे पार पाना उतना आसान नहीं जितना लखनऊ व दिल्ली में बैठे हुक्मरान दावे करते हैं। जून की इस भीषण गर्मी में बुन्देलखण्ड का चाहे जो इलाका आप घूम लें हर जगह पानी के लिए संघर्षरत प्राणियों की टोली मिल जाएगी। घूंघट की आड़ से पगडंडियों को तय करती मटकी सिर पर उठाए महिलाएं हों या पसीना बहाते पुरुष या फिर तड़पते बेजुबान सभी आपको दो बूंद पानी के लिए जद्दोजहद करते दिख जाएंगे।
नहीं कम हुआ पेयजल संकट
चित्रकूट के पाठा क्षेत्र से लेकर शहरी व कस्बाई इलाकों में किसी भी स्तर से पेयजल संकट कम नहीं हुआ बल्कि मौसम की जवानी के साथ संकट परवान चढ़ता ही गया। प्रशासन के नुमाइंदों ने ग्राम प्रधानों व सचिवों को टैंकरों से पानी सप्लाई करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन उसमें भी उदासीनता बरतते हुए खेल किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदारों से इसकी शिकायत भी की है। ग्रामीणों को सूदुर इलाकों के दूषित जलस्रोतों से पानी भरना पड़ता है। पाठा क्षेत्र के मानिकपुर ब्लाक के कई गांव पेयजल संकट से हमेशा की तरह संघर्ष कर रहे हैं।
जल संस्थान व जल निगम की उदासीनता
शहरी व् ग्रामीण इलाकों में पेयजल उपलब्ध कराने हेतु जिम्मेदार जल संस्थान व जल निगम की उदासीनता भी कम नहीं। ग्रामीण क्षेत्र तो जूझ ही रहे हैं सूखे हलक को लेकर, परंतु शहरी इलाके की तस्वीर भी कुछ जुदा नहीं है पेयजल संकट को लेकर। दूषित जलापूर्ति खराब हैण्डपम्प पूरे सिस्टम की हकीकत बयां करते हैं। उदाहरण के तौर पर जल संस्थान ने लगभग दो महीने पहले जल निगम को नगर के दो दर्जन से अधिक (26) खराब हैण्डपम्पों की सूची सौंपी थी रिबोर व मरम्मत के लिए, लेकिन जल निगम की नजरें इनायत नहीं हुईं। दोनों विभागों की अपनी दलीलें हैं। जल संस्थान का कहना है कि जल निगम कोई रुचि नहीं दिखा रहा है लोगों की दिक्कतों को देखते हुए भी जबकि जल निगम का कहना है कि खराब हैण्डपम्पों का परीक्षण किया गया है और कई जगहों पर रिबोर मशीन नहीं पहुंच पा रही है, इसलिए रिबोर में दिक्कत आ रही है।
मण्डल में हालात खराब
पेयजल को लेकर हालात सिर्फ चित्रकूट में ही खराब नहीं बल्कि पूरे चित्रकूटधाम मण्डल की वही तस्वीर है। महोबा में बांधों व सरोवरों से पानी की बेरुखी हो गई है। लगभग 7 दर्जन टैंकरों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में पानी की सप्लाई की जा रही है।
बहू-बेटियों को हो रही खासी दिक्कत
पेयजल संकट से सबसे ज्यादा दिक्कत बहू-बेटियों को हो रही है। सुदूर क्षेत्रों से पानी लाने की वजह से उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। घूंघट की आड़ से तपती हुई गर्मी में रास्तों को तय करती नव विवाहिताएं इस संकट से आए दिन जूझ रही हैं। बतौर उदाहरण बांदा के कुलसारी गांव में एक विवाहिता ने हैण्डपम्प लगवाने की शर्त पर ही अपने ससुराल में रहने की बात कही और वापस मायके चली गई, जिस पर विवाहिता के ससुर कल्लू ने तीस हजार रुपये कर्ज लेकर हैण्डपम्प लगवाने का काम करवाया और बहू को वापस ले आए। ये कोई नई बात नहीं पानी को लेकर बुन्देलखण्ड में बल्कि अब तो यह नियति बन गई है इस इलाके की।