
चित्रकूट. जनपद के राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। तेज रफ़्तार कर ने माँ बेटे को रौंदते हुए उनकी जीवन लीला समाप्त कर दी। दुर्घटना के बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है। उधर दूसरी तरफ एक अन्य दुर्घटना में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऐ दिन दर्दनाक हादसे लोगों की जिंदगियां छीन रहे हैं लेकिन जिम्मेदारों को कोई परवाह नहीं। तेज रफ़्तार सबसे मुख्य कारण है दुर्घटनाओं का। अभी दो दिन पहले राजमार्ग पर ही हुई सड़क दुर्घटना में एक की मौत सहित 11 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। किसी भी तरह का सुरक्षा मानक राजमार्ग पर न होने से डग्गामार वाहन मौत को निमन्त्रण देते हुए फर्राटा भरते हैं और तेज रफ़्तार बन जाती है मौत का सबब।
गाँव में निमंत्रण जा रहे माँ बेटे को तेज रफ़्तार कार ने रौंदते हुए उन्हें मौत की नींद सुला दी। घटना की जानकारी के अनुसार जनपद के रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधी गांव निवासी जुंती देवी अपने 16 वर्षीय पुत्र के साथ पास के ही लोखरी नाम के गाँव में निमंत्रण में शामिल होने साईकिल से जा रही थी। अपने गाँव बांधी से साईकिल सवार माँ बेटे कुछ दूर आगे बढे ही थे कि कर्वी की ओर से आ रही तेज रफ़्तार कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और दोनों माँ बेटे कार के पहियों के नीचे आकर कुचल गए। घटना की आहट पाकर स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गम्भीर रूप से घायल माँ बेटे को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना के बाद कुछ दूर पर कार सहित चालक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घटना की सूचना पाते ही मृतकों के घर में कोहराम मच गया।
दूसरी तरफ ट्रैक्टर की एक लाइट से चकमा खाए बाइक सवार युवकों की ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई जिसपर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक सवार गम्भीर रूप से घायल दूसरे युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक जनपद के रैपुरा थाना क्षेत्र निवासी बृजेश(21) व् उसका चचेरा भाई राजू(22) अपनी रिश्तेदारी में जनपद के राजापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटियन पुरवा भदौरा गांव गए थे। वापस लौटते समय सामने से एक हेड लाइट जलाते हुए आ रहे ट्रैक्टर को वो समझ नहीं पाए और धोखा खा गए। तेज रफ़्तार ट्रैक्टर भी अनियंत्रित हो गया और बाइक सवार बृजेश व् राजू की ट्रैक्टर से आमने सामने भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बृजेश की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई जबकि उसका भाई गिरीश गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना के ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तेज रफ़्तार दुर्घटना और मौत
जनपद के राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर प्रमुख मार्गों पर इस तरह डग्गामार वाहन बेतरतीब ढंग से फर्राटा भरते हैं कि आए दिन दर्दनाक हादसे मौत को दावत देते हैं। ट्रक ट्रैक्टर तो इस कदर ओवर स्पीड में गुजरते हैं की छोटे वाहन चालक डगमगा जाते हैं। कम समय में ज्यादा मुनाफे के चक्कर में सबसे ज्यादा हादसों का सबब बनते हैं डग्गामार वाहन। वहीं रात के अँधेरे में बालू खनन पत्थर ढोने वाले ट्रक ट्रैक्टर आदि भी किसी से पीछे नहीं। इन वाहनों के चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए भयानक दुर्घटनाओं को निमन्त्रण देते हैं और इन सबके बीच पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बना रहता है। ख़ाकी की चेकिंग सिर्फ बाइक व् छोटे वाहनों तक ही सीमित रहती है। प्रतिवर्ष कई जिंदगियां सड़क दुर्घटनाओं में मौत की आगोश में समा जाती हैं।