चित्तौड़गढ़

राजस्थान: नर्सिंग की नौकरी छोड़कर संभाली सियासत, विरोध के बावजूद कांग्रेस से प्रधान बनीं अजिता

अजिता शर्मा नर्सिंग की नौकरी छोड़कर राजनीति में लौटीं और प्रधान पद पर आसीन हुईं। खास बात यह है कि 2020 में वे नर्सिंग कर्मी बनने के लिए पंचायत समिति सदस्य पद से इस्तीफा देकर राजनीति से दूर हो गई थीं।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 2:43 PM IST
बड़ीसादड़ी नव निर्वाचित प्रधान अजिता शर्मा
बड़ीसादड़ी नव निर्वाचित प्रधान अजिता शर्मा समर्थकों के साथ. Photo- Patrika

चित्तौड़गढ़/बड़ीसादड़ी। स्पष्ट बहुमत के साथ बड़ीसादड़ी पंचायत समिति के प्रधान पद पर कांग्रेस की अजिता शर्मा निर्वाचित हो गई हैं। उन्होंने भाजपा की सुमित्रा मेनारिया को हराया। चुनाव से पहले बोहेड़ा में टिकट को लेकर उपजा विरोध और बंद का आह्वान मतदान व हनुमन्तसिंह राठौड़ के वोट डालने के साथ ही तमाम अटकलों पर विराम लग गया। मतगणना में अजिता शर्मा को 14 और सुमित्रा मेनारिया को 3 मत मिले। इसके बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पर्वितन कुमार मीणा ने अजिता को विजयी घोषित कर पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कयासों और विरोध पर लगा विराम

राजस्थान कांग्रेस सचिव हनुमन्तसिंह राठौड़ (बोहेड़ा) की पत्नी जयश्री राठौड़ को उम्मीदवार न बनाए जाने से समर्थकों में नाराजगी थी। गुरुवार रात बोहेड़ा में टायर जलाकर मार्ग अवरुद्ध किया गया और शुक्रवार को बंद का आह्वान हुआ। हालांकि, हनुमन्तसिंह की अपील पर बाजार खुले और उन्होंने स्वयं मतदान में हिस्सा लेकर सभी अटकलों को शांत कर दिया।

पारसोली निवासी अजिता शर्मा नर्सिंग की नौकरी छोड़कर राजनीति में लौटीं और प्रधान पद पर आसीन हुईं। खास बात यह है कि 2020 में वे नर्सिंग कर्मी बनने के लिए पंचायत समिति सदस्य पद से इस्तीफा देकर राजनीति से दूर हो गई थीं, लेकिन इस बार पंचायत समिति प्रधान पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने पर उन्होंने फिर सक्रिय राजनीति में कदम रखा और प्रधान चुनी गईं।

सांगरिया वार्ड नंबर 3 से जीत का सफर

जानकारी के अनुसार, पंचायत समिति प्रधान पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद पति उमेश शर्मा के कहने पर अजिता ने नौकरी से त्यागपत्र दिया और सांगरिया क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 से चुनाव मैदान में उतरीं। उन्होंने इस चुनाव में पूर्व उप प्रधान पारू देवी मेनारिया को 289 मतों से शिकस्त दी और इसके बाद बड़ीसादड़ी की नई प्रधान बनीं।

पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि

अजिता शर्मा पारिवारिक रूप से भी पंचायतराज व्यवस्था से जुड़ी रही हैं। उनके पति उमेश शर्मा पहले पारसोली के सरपंच रहे और बाद में वर्ष 2015 से 2020 के कार्यकाल में उप प्रधान रह चुके हैं। परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि के बाद अब अजिता स्वयं पंचायत समिति की मुख्य जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

सीखकर काम करने और राहत देने का वादा

नवनिर्वाचित प्रधान अजिता शर्मा ने 'पत्रिका' से बातचीत में कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पंचायत समिति में किसी भी कार्य की उम्मीद लेकर आने वाले आमजन की समस्या का समाधान करवाना रहेगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक महिला हैं, इसलिए महिलाओं के दुख-दर्द को समझती हैं और उन्हें हर संभव राहत प्रदान करेंगी। पूर्व में पंचायत समिति सदस्य का कार्य बीच में छोड़कर जाने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी वजह से वे अब सभी कार्यों को बारीकी से समझ-सीखकर पूरा करवाने का काम करेंगी।

शिक्षा और संपत्ति का ब्योरा

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अजिता शर्मा 12वीं कक्षा तक शिक्षित हैं। उनके पास 14 लाख 24 हजार रुपए की संपत्ति दर्ज है, जबकि उनके पति उमेश शर्मा के पास कार और 35 लाख 42 हजार रुपए की संपत्ति है।

Updated on:
28 Nov 2026, 2:43 PM IST
Published on: