26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Nagaur / कौन हैं हनुमान बेनीवाल के खास RLP नेता पांचाराम? 2 बार विधानसभा चुनाव हारे, अब बने नागौर जिला प्रमुख

कौन हैं हनुमान बेनीवाल के खास RLP नेता पांचाराम? 2 बार विधानसभा चुनाव हारे, अब बने नागौर जिला प्रमुख

नागौर के नए जिला प्रमुख पांचाराम इंदावड़ का मूल व्यवसाय कृषि है। वे मार्केटिंग का काम भी करते हैं। राजनीति में सक्रिय होने से पहले वे एक निजी कॉलेज में शिक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नागौर

•

image

Santosh Trivedi

•

Updated: 26 Nov 2026, 2:53 PM IST

Who is Pancharam Indawad

Pancharam Indawad. Photo- Patrika

नागौर। मेड़ता क्षेत्र के इंदावड़ा गांव में खेती-किसानी करने के साथ राजनीति में सक्रिय पांचाराम को कई उतार-चढ़ाव के बाद आखिर जिले की पंचायत की सबसे बड़ी कुर्सी मिल गई। पंचायत चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को छोड़कर आरएलपी का दामन थामा, तब उन्हें भी अंदाजा नहीं था कि यह राजनीतिक बदलाव उन्हें जिले के प्रथम नागरिक के सम्मान तक पहुंचा देगा।

वर्ष 2008 में पांचाराम ने कांग्रेस के टिकट पर मेड़ता विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। इसके बाद 2013 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने किनारा किया तो निर्दलीय मैदान में उतरे। इस बार भी उनके खाते हार ही आई। राजनीति संभावनाओं का क्षेत्र है, इस लाइन को पकड़े रखा और अपने क्षेत्र में सक्रिय रहे। अब पंचायत चुनाव का मौका आया तो कांग्रेस को अलविदा कहकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) में शामिल हो गए।

पार्टी प्रमुख हनुमान बेनीवाल का भरोसा जीता और जिला परिषद के वार्ड 12 से पार्टी सिम्बल पर सदस्य का चुनाव भी जीत गए। पार्टी को नागौर जिला परिषद में बहुमत मिला तो प्रमुख के लिए प्रत्याशी के नाम पर मंथन की शुरुआत से ही उनका नाम चल रहा था। परन्तु अंतत: आरएलपी ने जिला प्रमुख के पद का पार्टी प्रत्याशी बनाया और वह अब जिला प्रमुख के नाते ग्रामीण अंचल के विकास की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पांचाराम इंदावड़ शिक्षक, किसान और अब नेता

पांचाराम इंदावड़ का मूल व्यवसाय कृषि है। वे मार्केटिंग का काम भी करते हैं। राजनीति में सक्रिय होने से पहले वे एक निजी कॉलेज में शिक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। अब जिला प्रमुख के रूप में उनकी नई राजनीतिक और प्रशासनिक भूमिका शुरू हुई है।

हनुमान बेनीवाल के साथ विकास पर रहेगा फोकस

जिला प्रमुख निर्वाचित होने पर पांचाराम ने कहा कि आरएलपी सुप्रीमो व सांसद हनुमान बेनीवाल के साथ मिलकर जिले के विकास पर ध्यान देंगे। जिले की जरूरतों और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देंगे और विकास कार्य करवाएंगे।

आरएलपी ने पहली बार नागौर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया

आरएलपी ने पहली बार जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया। वार्ड 12 से सदस्य पांचाराम इंदावड़ ने 37 में से 22 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। निर्दलीय प्रत्याशी अनिल नागौरी को 15 वोट मिले। आरएलपी के 19 सदस्यों के बावजूद पांचाराम को तीन अतिरिक्त वोट मिले, जबकि भाजपा के 7 सदस्यों के मुकाबले अनिल को 15 वोट मिले। इससे क्रॉस वोटिंग के संकेत मिल रहे हैं।