24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Nagaur / चित्तौड़गढ़ के सियासी घटनाक्रम के बाद हनुमान बेनीवाल सर्तक, RLP के जीते सदस्यों को राजस्थान से बाहर भेजा; कल लौटेंगे

चित्तौड़गढ़ के सियासी घटनाक्रम के बाद हनुमान बेनीवाल सर्तक, RLP के जीते सदस्यों को राजस्थान से बाहर भेजा; कल लौटेंगे

Nagaur Zila Pramukh Election 2026: नागौर जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव परिणाम आने के बाद अब राजनीतिक दलों की नजरें बोर्ड बनाने और अपने-अपने प्रत्याशियों को कुर्सी तक पहुंचाने पर टिकी है। चुनाव जीतने वाले सदस्यों को बाड़ाबंदी में डालकर मजबूत किलेबंदी की गई है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नागौर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 24 Nov 2026, 1:45 PM IST

hanuman beniwal

हनुमान बेनीवाल और शंकरी भील। फोटो: पत्रिका

नागौर। जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव परिणाम आने के बाद अब राजनीतिक दलों की नजरें बोर्ड बनाने और अपने-अपने प्रत्याशियों को कुर्सी तक पहुंचाने पर टिकी है। चुनाव जीतने वाले सदस्यों को बाड़ाबंदी में डालकर मजबूत किलेबंदी की गई है। खासकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) से जीते जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों को राजस्थान से बाहर गुप्त स्थान पर भेजा गया है, जो 25 नवम्बर को सीधे मतदान स्थल जिला परिषद कार्यालय पहुंचेंगे और अपने दल के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे। इस संबंध में पार्टी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते।

चित्तौड़गढ़ में जिस प्रकार शंकरी भील को भाजपा ने अपने में खेमे में मिलाया है, उसके बाद बेनीवाल और सतर्क हो गए हैं। पार्टी का लक्ष्य बहुमत के आंकड़े को सुरक्षित रखते हुए जिला प्रमुख का चुनाव संपन्न कराना है। गौरतलब है कि जिला परिषद के 37 वार्डों में आरएलपी ने 19 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस के खाते में 11 और भाजपा को 7 सीटें मिली है। जिला प्रमुख बनाने के लिए जरूरी 19 सदस्यों का आंकड़ा आरएलपी पहले ही छू चुकी है। इसके बावजूद पार्टी नेतृत्व कोई ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। सदस्यों को एकजुट रखने और मतदान तक किसी भी तरह की राजनीतिक उठापटक की आशंका को खत्म करने के लिए सदस्यों की किलेबंदी की गई है।

दूसरी ओर कांग्रेस और भाजपा के पास जिला परिषद में बहुमत नहीं होने के बावजूद दोनों दलों की राजनीतिक गतिविधियों पर नजरें रहेंगी। बहुमत का गणित आरएलपी के पक्ष में होने से जिला प्रमुख का चुनाव उसके लिए अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है, लेकिन मतदान तक राजनीतिक संपर्क और रणनीतिक गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। संख्या बल के लिहाज से स्थिति अनुकूल नहीं होने के बावजूद दोनों दल उम्मीद लगाए बैठे हैं कि अंतिम समय में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। यही वजह है कि बहुमत से दूर होने के बावजूद सदस्यों को एकजुट रखने और दूसरे खेमे में सेंध लगाने की कोशिशें जारी हैं। राजनीति में आखिरी समय तक किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए दोनों दल कोई मौका छोड़ना नहीं चाहते।

पंचायत समितियों में भी जोड़-तोड़

जिला परिषद के साथ पंचायत समितियों में प्रधान बनाने को लेकर भी राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। राजनीतिक दलों में जोड़-तोड़ चल रही है। यहां कई जगह मुकाबला जिला परिषद के मुकाबले ज्यादा दिलचस्प है। बहुमत वाले दल भी एहतियातन अतिरिक्त सदस्यों को साथ रखने की रणनीति बना रहे हैं, ताकि मतदान के समय किसी तरह की सेंधमारी या क्रॉस वोटिंग की स्थिति बने तो भी उनका गणित न बिगड़े। इसके लिए निर्दलीय सदस्यों और दूसरे खेमे के असंतुष्ट सदस्यों से संपर्क साधा जा रहा है। ऐसे में अब सबकी निगाहें जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव पर टिकी हैं। कुल मिलाकर चुनाव परिणाम के बाद अब असली राजनीतिक परीक्षा बोर्ड गठन की है। सदस्य किस खेमे के साथ रहते हैं और मतदान के दिन किसके पक्ष में वोट करते हैं, इसी से जिले की पंचायत राज संस्थाओं की सत्ता का भविष्य तय होगा।

जिला परिषद नागौर: पूर्व के चुनावों में हो चुकी है क्रॉस वोटिंग

2020 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. सहदेव चौधरी को 18 की बजाए 19 वोट मिले थे और 19 वोट ही भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी को मिले, जबकि आरएलपी प्रत्याशी को 9 वोट मिले। बाद में लॉटरी निकाली गई, जिसमें भागीरथ चौधरी जिला प्रमुख चुने गए। यानी पिछले तीनों चुनाव में क्रॉस वोटिंग हुई है।