23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Nagaur / नागौर: मां के साथ शादी में गया था यश, टेंट खोलते वक्त सिर पर गिरा लोहे का पोल, मौके पर ही थम गईं सांसें

नागौर: मां के साथ शादी में गया था यश, टेंट खोलते वक्त सिर पर गिरा लोहे का पोल, मौके पर ही थम गईं सांसें

नागौर के सलेऊ चौराहा स्थित एक मेरिज गार्डन में शादी समारोह के दौरान टेंट का पोल सिर पर गिरने से 7 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजन बिना पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराए और पोस्टमार्टम करवाए ही मासूम का शव घर ले गए।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नागौर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 23 Nov 2026, 11:19 AM IST

7 year old yash

सात वर्षीय यश (Photo-Patrika)

नागौर। शहर के एक शादी समारोह में शनिवार को खुशियों के बीच एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहां टेंट का भारी-भरकम पोल सिर पर गिरने से सात वर्षीय मासूम बालक की मौके पर ही मौत हो गई। जिस वक्त यह दुर्घटना हुई, बच्चा अन्य बच्चों के साथ समारोह स्थल पर खेल रहा था। इस घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया।

मेरिज गार्डन में खेलते समय हुआ हादसा

कोतवाली थानाधिकारी नंदलाल रिणवा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि चेनार के भीकाला बास निवासी अनिल गहलोत का सात वर्षीय पुत्र यश शनिवार को अपनी मां के साथ शहर के सलेऊ चौराहा के पास स्थित एक मेरिज गार्डन में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था।

शादी की रस्में पूरी होने के बाद शनिवार दोपहर करीब 4 बजे समारोह स्थल पर टेंट खोलने का काम चल रहा था। इसी दौरान यश वहां मौजूद अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। टेंट हटाते समय अचानक एक पोल अनियंत्रित होकर सीधे यश के सिर पर आ गिरा। पोल की चोट इतनी गंभीर थी कि यश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद परिजन और अन्य लोग घबरा गए और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल यश को इलाज के लिए जेएलएन राजकीय जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बिना पोस्टमार्टम करवाए शव घर ले गए परिजन

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को जेएलएन राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। लेकिन रविवार सुबह परिजनों ने इस मामले में किसी भी प्रकार की पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया।

थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई और न ही उन्होंने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया। रविवार सुबह परिजन बिना पोस्टमार्टम करवाए ही मासूम का शव अपने साथ घर ले गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।