चित्तौड़गढ़

चित्तौड़गढ़: CA फाइनल में शगुन को ऑल इंडिया 15वीं और माधव को 48वीं रैंक,18 विद्यार्थी हुए सफल, खिले चेहरे

CA Final Result 2026: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा घोषित सीए फाइनल मई 2026 के परीक्षा परिणामों में चित्तौड़गढ़ के धाकड़ युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर सफलता का डंका बजाया है।

2 min read
CA Final Result 2026
शगुन माहेश्वरी AIR 15, परिजनों के साथ, पत्रिका फोटो

CA Final Result 2026: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा घोषित सीए फाइनल मई 2026 के परीक्षा परिणामों में चित्तौड़गढ़ के धाकड़ युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर सफलता का डंका बजाया है। जिला मुख्यालय के दो होनहारों ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) हासिल कर चित्तौड़गढ़ जिले का गौरव बढ़ाया है।

शगुन और माधव ने रचा इतिहास

नगर पालिका कॉलोनी की शगुन माहेश्वरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 439 अंकों के साथ अखिल भारतीय स्तर पर 15वीं रैंक (AIR-15) हासिल कर शहर में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, माधव सोमानी ने 405 अंक अर्जित कर ऑल इंडिया 48वीं रैंक (AIR-48) के साथ दूसरा स्थान पाया। चित्तौड़गढ़ जिले से कुल 18 विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता मिली है।

सिटी टॉपर्स की सूची

प्रथम- शगुन माहेश्वरी, द्वितीय- माधव सोमानी, तृतीय- नितेश कुमावत, चतुर्थ- शोभित काबरा, पांचवा- सय्यम पोरवाल।

102 में से 18 अभ्यर्थियों को मिली सफलता

आइसीएआइ की चित्तौड़गढ़ शाखा के अनुसार, इस परीक्षा में जिले से कुल 102 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 18 ने सफलता प्राप्त की। दोनों ग्रुप में शामिल 44 में से 7 विद्यार्थियों ने एक साथ दोनों ग्रुप उत्तीर्ण किए। इसके अलावा, 5 विद्यार्थियों ने ग्रुप-1 और 6 ने ग्रुप-2 में सफलता पाई।

रिशिता पलोड़ को दूसरी बार में मिली सफलता

सीए फाइनल परीक्षा के जारी परिणाम में कपासन की युवती रिशिता पलोड़ ने सफलता प्राप्त की है। उसने दूसरी बार में यह उपलब्धि हासिल की। तेईस वर्षीय रिशिता ने कपासन के निजी कॉलेज से बीकॉम करने के बाद अहमदाबाद में सीए की ऑनलाइन पढ़ाई की और आर्टिकलशीप पूरी की। उसने प्रतिदिन 8 से 10 घंटे अध्ययन कर यह परीक्षा उत्तीर्ण की। रिशिता भविष्य में किसी कंपनी में जॉब करने का विचार रखती है। उसके पिता भैरुलाल पलोड़ की कपासन में जूतों की दुकान है और माता गृहिणी है। रिशिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा सेवानिवृत्त शिक्षक शंकरलाल पलोड़ को दिया है। वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रही।

आइसीएआइ शाखा अध्यक्ष बोले…

विद्यार्थियों का यह प्रदर्शन जिले के लिए ऐतिहासिक है। ऑल इंडिया रैंकर्स ने साबित कर दिया कि समर्पण और कठिन परिश्रम से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

  • सीए प्रकाश मुरोटिया, अध्यक्ष (चित्तौड़गढ़ शाखा)
Published on:
19 Jun 2026 09:46 am