
Chittorgarh Sanwariya Seth Mandir : चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया जी सेठ के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। 14 जून को खोले गए मंदिर के दानपात्र की गिनती मंगलवार को सातवें चरण में पूरी हुई। सातों चरणों की भंडार गिनती और भेंटकक्ष की राशि को मिलाकर 40 करोड़ रुपए अधिक राशि प्राप्त हुई है।
मंदिर बोर्ड के अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव की मौजूदगी में हुई इस सात चरणों की गिनती से कुल 33 करोड़ 15 लाख 18 हजार 759 रुपए की नगद राशि प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त, देश-विदेश के भक्तों ने ऑनलाइन, मनी ऑर्डर और मंदिर कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर 7 करोड़ 66 लाख 21 हजार 519 रुपए भेंट स्वरूप जमा कराए।
सातों चरणों की भंडार गिनती और भेंटकक्ष की राशि को मिलाकर इस एक माह में मंदिर को कुल 40 करोड़ 81 लाख 40 हजार 278 रुपए भेंट राशि प्राप्त हुई है। नकद राशि के अलावा, भगवान सांवरिया सेठ को 1 किलो 738 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना और 110 किलो 648 ग्राम चांदी भी भक्तों द्वारा अर्पित की गई है।
इस पूरी पारदर्शी गणना प्रक्रिया में मंदिर बोर्ड अध्यक्ष वैष्णव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं मंदिर के मुख्य निष्पादन अधिकारी दिनेश चंद्र धाकड़, बोर्ड सदस्य पवन तिवारी, रामलाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, नायब तहसीलदार शिव शंकर पारीक, मंदिर प्रभारी भेरूगिरी गोस्वामी, कालूलाल तेली, मनोहर लाल शर्मा, बिहारी लाल गुर्जर, जितेन्द्र त्रिपाठी सहित मंदिर के चुनिंदा कर्मचारी एवं बैंक कर्मचारी उपस्थित रहे।
उधर, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व राज्य मंत्री धीरज गुर्जर ने मंगलवार को भगवान श्री सांवलिया सेठ के दर्शन कर देश ओर प्रदेश में खुशहाली की कामना की। मंदिर पुजारी ने तुलसी एवं चरणामृत प्रदान किया। दर्शन के बाद कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर का मंदिर कार्यालय में मंदिर मंडल की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस मौके पर कांग्रेस युवा नेता राजा चौधरी बड़ीसादड़ी, सुरेश चंद्र गुर्जर, कांग्रेस पर्यावरण प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कमल गुर्जर, मनोहर लाल जाट, प्रदेश कांग्रेस सचिव रणजीत लौठ, वीपिन यादव, विनोद गुर्जर, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गोविन्द शर्मा, शिव गुर्जर, ओबीसी प्रकोष्ठ के शंकरलाल गुर्जर, लक्ष्मी लाल गुर्जर, ललित गुर्जर, भरत गुर्जर, पप्पू गुर्जर सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।