काले बाजार में सरकारी गेहूं

चित्तौडग़ढ़ पुलिस ने शनिवार को  जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए निम्बाहेड़ा में सांकरिया चौराहा के निकट गोदाम
3 min read
• •
Updated: 24 Apr 2016, 10:47 PM IST
chittorgarh
chittorgarh

चित्तौडग़ढ़/निम्बाहेड़ा।चित्तौडग़ढ़ पुलिस ने शनिवार को जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए निम्बाहेड़ा में सांकरिया चौराहा के निकट गोदाम पर दबिश देकर सरकारी गेहूं की कालाबाजारी पकड़ी। साथ ही भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) का करीब 640 कट्टे गेहूं जब्त किया है। पुलिस ने तीन जनों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। शेष आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। जिले में सरकारी गेहूं की कालाबाजारी रोकने की यह काफी समय बाद बड़ी कार्रवाई है।

पुलिस अधीक्षक प्रसन्नकुमार खमेसरा ने बताया कि शनिवार शाम मुखबिर से एफसीआई के गेहूं की कालाबाजारी की सूचना मिली। टीम मौके पर भेजी गई। पुलिस ने बड़ौली माधोसिंह चौराया व सांकरिया पुलिया के बीच सड़क से पश्चिम की ओर बने वेयर हाउस पर छापा मारा। यहां एक गोदाम में ट्रक से गेहूं खाली हो रहा था व दूसरा ट्रक खाली खड़ा था, जिससे गेहूं उतर चुका था। पुलिस को देख मौजूद लोगों में हड़कम्प मच गया। पुलिस ने गोदाम में रखे व ट्रक से खाली गेहूं की जांच की, जो एफसीआई का निकला।

नहीं मिला जवाब

इस सम्बंध में मौजूद लोग संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। पुलिस जांच में सामने आया कि गोदाम निम्बाहेड़ा निवासी प्रकाश साण्ड ने किराए पर ले रखा है। पुलिस ने गोदाम से 640 कट्टों में से करीब 320 क्विंटल गेहूं जब्त किया है। मौके पर गेहूं खुले एवं खाली किए हुए, बारदान व दो ट्रक भी जब्त किए हैं।

रसद से किया संपर्क

पुलिस ने इस सम्बंध में रसद विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क किया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

इन्होंने की कार्रवाई

दबिश चित्तौडग़ढ़ पुलिस उपाधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा व निम्बाहेड़ा सदर थानाधिकारी रामनिवास विश्नोई की अगुवाई में मारी गई। फिर एडि.एसपी राजन दुष्यंत निम्बाहेड़ा पहुंचे और मौका-मुआयना किया।

फैक्ट्रियों में जाता है

सरकारी योजना के तहत जनता को बांटने के लिए जाने वाले गेहूं की काफी समय से कालाबाजारी हो रही थी। सूत्रों की मानें तो एफसीआई गोदाम से निकल ट्रक सीधे निजी गोदामों में खाली होने को पहुंचते हैं। एफसीआई सील लगे कट्टे निकाल इस गेहूं को अन्य बोरियों में भर खुले बाजार में बिकने को भेज दिया जाता है। जिले व आसपास की आटा फैक्ट्रियों में भी गेहूं जा रहा है। पुलिस इनकी जांच मे जुटी है।

ढंकते हैं तिरपाल से

पता चला है कि एफसीआई गोदाम से गेहूं का ट्रक सीधे उस गोदाम में जाता है, जहां से कालाबाजारी होनी होती है। इस धंधे में लिप्त लोग काफी सतर्कता बरतते हैं। एक बार मार्ग में पेट्रोल पम्प या ऐसे स्थान पर रुक कर ट्रक को तिरपाल से ढंक देते है, जिससे लोगों को शंका नहीं हो। मार्ग में कोई भी तिरपाल ढंके ट्रक पर ध्यान नहीं देता कि वह किस ओर जा रहा है।

किसका था हक

पुलिस जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि गेहूं किस क्षेत्र में सरकारी आपूर्ति को जाना था। यह पता नहीं लगा कि इस पर किसका हक था। जांच में सामने आया कि एफसीआई से जब भी ट्रक बाहर आता है, इस दौरान रसद विभाग से प्रतिनिधि भी मौजूद रहता है। रसद प्रतिनिधि की मौजूदगी में ट्रक बाहर आता है। गेट पास पर प्रतिनिधि के हस्ताक्षर होते हैं। बाद में क्रय विक्रय सहकारी समितियों या राशन डीलर के यहां जाता है।

चंदेरिया के गोदाम से निकला


जांच में सामने आया कि गेहूं चंदेरिया स्थित एफसीआई गोदाम से निकला था, जो सरकारी योजनाओं के तहत आमजन में बंटने जाना था। पुलिस ने मौके से प्रकाश साण्ड के मुनीम निम्बाहेड़ा राजोरा गली निवासी मुनीम सोनू पुत्र रामलाल लौहार, ट्रक चालक मेवाती मोहल्ला निवासी सत्यनारायण पुत्र शंकरलाल तेली व ऑटो चालक कृष्णानगर निवासी रेहान पुत्र मोहम्मद रसीद खां पठान को हिरासत में लिया।

कड़ी जोडऩे में जुटे

पुलिस मामले में कड़ी से कड़ी जोडऩे में जुट गई है। थानाधिकारी दिनेश सुखवाल को चंदेरिया स्थित एफसीआई गोदाम व दफ्तर भेजा गया। यहां से पुलिस ने रिकॉर्ड जब्त किया है। रिकॉर्ड में यह नहीं लिखा है कि गेहूं कहां जाना है।

Published on: