17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

यूपी सरकार को सुप्रीम कोर्ट से झटका, आजम खान की सजा पर रोक बरकरार; पत्नी-बेटे को भी राहत

Azam Khan Family: फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान को मिली राहत बरकरार रखी है। अदालत ने उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी राहत दी है। कोर्ट ने यूपी सरकार की अपील खारिज करते हुए पत्नी और बेटे की अपील स्वीकार कर ली।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

प्रयागराज

•

image

Ankit Sai

•

Updated: 17 Nov 2026, 11:22 AM IST

Azam Khan

आजम खान (फोटो IANS)

Azam Khan Fake Birth Certificate Case: फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके परिवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने आजम खान की सजा पर रोक लगाने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा है। साथ ही उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी यही राहत दे दी है। इससे पहले हाईकोर्ट ने आजम खान को राहत दी थी, लेकिन पत्नी और बेटे को इससे वंचित रखा था। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की अपील खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया।

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार की अपील खारिज की

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने मंगलवार को मामले की सुनवाई के बाद फैसला सुनाया। अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की अपील खारिज कर दी। वहीं, तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम खान की अपील स्वीकार कर ली। दरअसल, यूपी सरकार ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के 24 मई 2024 के फैसले को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने आजम खान की सजा पर रोक लगाई थी, लेकिन उनकी पत्नी और बेटे को यह राहत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल की थी। उनकी मांग थी कि आजम खान की तरह उनकी सजा पर भी रोक लगाई जाए।

सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर को इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। मंगलवार को अदालत ने तीनों को राहत देते हुए फैसला सुना दिया।

दो जन्म प्रमाणपत्र होने से शुरू हुआ था मामला

यह पूरा मामला अब्दुल्ला आजम खान के दो अलग-अलग जन्म प्रमाणपत्र होने के आरोप से जुड़ा है। रामपुर से भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि अब्दुल्ला के पास अलग-अलग जन्मतिथि वाले दो जन्म प्रमाणपत्र थे।

  • पहले जन्म प्रमाणपत्र में उनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 1993 दर्ज थी।
  • दूसरे जन्म प्रमाणपत्र में जन्मतिथि 30 सितंबर 1990 बताई गई थी।

अभियोजन पक्ष का आरोप था कि दूसरे जन्म प्रमाणपत्र का इस्तेमाल 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने की पात्रता साबित करने के लिए किया गया था।

2023 में तीनों को सुनाई गई थी सात साल की सजा

इस मामले में रामपुर की अदालत ने 18 अक्टूबर 2023 को आजम खान, उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को दोषी ठहराया था। अदालत ने धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश समेत कई अपराधों में तीनों को सात-सात साल की जेल की सजा सुनाई थी।

निचली अदालत के फैसले के खिलाफ तीनों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में आपराधिक पुनरीक्षण याचिका दाखिल की थी। 24 मई 2024 को हाईकोर्ट ने उनकी सजा निलंबित करते हुए जमानत दे दी थी। हालांकि, दोषसिद्धि पर रोक का लाभ केवल आजम खान को मिला था।

हाईकोर्ट ने पत्नी और बेटे को क्यों नहीं दी थी राहत?

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की भूमिका को उनकी पत्नी और बेटे से अलग माना था। अदालत ने कहा था कि ऐसा कोई साक्ष्य सामने नहीं आया, जिससे साबित हो कि आजम खान ने दूसरा जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जानकारी उपलब्ध कराई थी।

वहीं, हाईकोर्ट के मुताबिक, तंजीम फातिमा ने पहले से मौजूद जन्म प्रमाणपत्र की जानकारी दिए बिना दूसरे प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। अब्दुल्ला आजम खान ने भी दूसरे जन्म प्रमाणपत्र का इस्तेमाल चुनावी नामांकन और अन्य सरकारी दस्तावेजों में किया था।

इन्हीं आधारों पर हाईकोर्ट ने आजम खान की दोषसिद्धि पर रोक लगाई थी, लेकिन पत्नी और बेटे को यह राहत नहीं दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की अपील स्वीकार कर उन्हें भी राहत दे दी है।