चित्तौड़गढ़

Rajasthan: शादी से कुछ दिन पहले ही दूल्हे की मौत, इकलौते बेटे का शव देख फूट-फूटकर रोती रही मां

Nursing Student Dies Of Electrocution: दर्दनाक हादसे ने खुशियों वाले घर को कोहराम में बदल दिया। खेत पर सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय नर्सिंग छात्र अरविंद धाकड़ की मौत हो गई।
less than 1 minute read
Chittorgarh News
मोर्चरी के बाहर खड़े परिजन और इनसेट में मृतक छात्र की फाइल फोटो: पत्रिका

Groom Died Before Marriage: चित्तौड़गढ़ के बेगूं उपखंड क्षेत्र के आंवलहेड़ा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों से भरे घर को मातम में बदल दिया। खेत पर सिंचाई करते समय करंट लगने से 22 वर्षीय नर्सिंग छात्र अरविंद धाकड़ की मौत हो गई। कुछ ही दिनों बाद उसकी शादी होने वाली थी। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई।

खेत में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार सुबह बारिश होने से खेत और मोटर की केबल गीली हो गई थी। अरविंद खेत पर सिंचाई करने पहुंचा था। जैसे ही उसने मोटर का स्विच चालू किया, वह तेज करंट की चपेट में आ गया। पास में ही काम कर रहे उसके माता-पिता ने चीख सुनी और दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादी की तैयारियां थीं जोरों पर

अरविंद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। कुछ ही दिनों बाद उसकी और उसकी बहन की शादी होनी थी। घर में शादी के कार्ड बंट चुके थे और तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया। मां अपने बेटे का शव देखकर बार-बार बेहोश हो रही थी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था अरविंद

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। लोगों ने बताया कि अरविंद पढ़ाई में होनहार था और नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। वह अपने परिवार के सपनों को पूरा करना चाहता था। हादसे के बाद गांव में कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। पुलिस ने अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

Updated on:
19 Feb 2026 10:58 am
Published on:
19 Feb 2026 10:56 am