चित्तौड़गढ़

‘पद्मावत’ के विरोध में कल चित्तौडग़ढ़ में होने वाला है कुछ ऐसा, एमपी के क्षत्रियों ने भी किया कूच

राजस्थान के साथ ही एमपी के क्षत्रिय भी इसमें शामिल होंगे...
2 min read
• •
Updated: 20 Jan 2018, 1:29 PM IST
Padmavat

जयपुर/चित्तौडग़ढ़। फिल्म ‘पद्मावत’ का विरोध जारी है। चित्तौडग़ढ़ में महिलाओं और युवतियों ने गांधी नगर स्थित जौहर भवन में बने जौहर ज्योति मंदिर में हाथों में तलवारें लेकर प्रदर्शन किया। रविवार को बड़ी रैली की तैयारी की जा रही है। सर्व समाज और जौहर क्षत्राणी मंच ने मिलकर इस रैली का आयोजन किया है। इसे स्वाभिमान रैली का नाम दिया गया है। मंच की अध्यक्ष मंजूश्री शक्तावत ने बताया कि स्वाभिमान यात्रा सुबह 11.30 बजे दुर्ग पर जौहर स्थल से शुरू होकर गांधीनगर स्थित जौहर भवन में बने जौहर ज्योति मंदिर पहुंचेगी। शक्तावत ने बताया कि राजस्थान के साथ ही एमपी के क्षत्रिय भी इस रैली में शामिल होंगे। वहीं राज्य सरकार ने भी फिल्म पर बैन के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर ली है। गौरतलब है कि समाज से जुड़े पदाधिकारी और संगठन फिल्म पद्मावत का विरोध कर रहे हैं। यही कारण है कि राजस्थान में फिल्म वितरक फिल्म को लेकर दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।

जौहर की चेतावनी
जौहर क्षत्राणी मंच की महिलाओं ने फिल्म रिलीज होने पर एक दिन पहले जौहर स्थली पर जौहर करने तक की चेतावनी दे डाली। जौहर क्षत्राणी मंच की मंजूश्री शक्तावत समेत अन्य ने कहा कि क्षत्राणियों ने जौहर की तैयारियां कर ली हैं। फिल्म को बैन करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। अब जौहर को लेकर जो पहले चेतावनी दी गई थी, वह समय अब नजदीक आ गया है।

छविगृह संचालकों को परिणाम भुगतने की चेतावनी

पद्मावत रिलीज की अनुमति मिलने के बाद भी ये चित्तौडग़ढ़ या प्रदेश के अन्य जगह छविगृहों में प्रदशित होगी या नही इस पर स्थिति साफ नहीं है। छविगृह संचालक इस बारे में खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे है। शहर के एक मात्र छविगृह चन्द्रलोक के व्यवस्थापक से फिल्म रिलीज के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बात करने से इंकार कर दिया। गौरतलब है कि फिल्म का विरोध कर रहे करणी सेना व अन्य संगठनो ने इसका प्रदर्शन करने वाले छविगृह संचालकों को परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रखी है।

Published on: