Chittorgarh Road Accident: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। हादसा देर रात निंबाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर हुआ। जहां तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया।
चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। हादसा देर रात निंबाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर हुआ। जहां तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। पुलिस ने घायलों को निंबाहेड़ा अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, तीनों युवकों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
निंबाहेड़ा सदर थाना पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब 3 बजे सूचना मिली कि लक्ष्मीपुरा गांव के पास निंबाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे किनारे तीन युवक घायल अवस्था में है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से निंबाहेड़ा अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना भिजवाई। हादसे के सूचना मिलते ही तीन परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मृतकों की पहचान गोविंद सिंह पुत्र शंभू सिंह निवासी आगर मध्यप्रदेश, शेरसिंह निवासी झालावाड़ और धर्मराज निवासी झालावाड़ के रूप में हुई है। तीनों युवक रंगाई पुताई का काम करते थे। हादसे में मारे गए तीनों युवक करीब 15 दिन से निंबाहेड़ा में किराए के कमरे में रह रहे थे।
हादसे में मारे गए गोविंद सिंह और शेरसिंह दोनों मौसेरे भाई थे। गोविंद की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। गोविंद के दो लड़कियां है। वहीं, शेरसिंह के एक लड़की है।
तीन युवकों बाइक पर सवार होकर रविवार रात काम करने के बाद वापस निंबाहेड़ा लौट रहे थे, तभी निंबाहेड़ा से 7 किलोमीटर पहले चित्तौड़गढ़ हाईवे पर लक्ष्मीपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को कुचल दिया। हादसे के वक्त किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। ऐसे में सिर में गंभीर चोट आने से तीनों युवकों की मौत हो गई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। सड़क पर खून ही खून बिखर गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को थाने में रखवाया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।