
भदेसर (चित्तौड़गढ़): चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के हट्टीपुरा गांव में सोमवार रात घर में अकेली सो रही 65 वर्षीय विधवा महिला की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। मंगलवार सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर भदेसर थाना अधिकारी विनोद मेनारिया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान हट्टीपुरा निवासी जमना बाई भील पत्नी स्वर्गीय भैरूलाल के रूप में हुई है। वह घर में अकेली रहती थी। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने उसका घर खुला देखा, लेकिन वह बाहर दिखाई नहीं दी। आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसी घर के अंदर गए तो टीन शेड के नीचे पलंग पर जमना बाई का शव पड़ा मिला। सूचना पर उसके जेठ, देवर और भतीजे भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, महिला के कमरे में सामान बिखरा हुआ मिला। उसके गले में पहने सोने-चांदी के आभूषण भी गायब थे। ऐसे में प्रथम दृष्टया लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। महिला के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या की होगी।
घटना की सूचना मिलते ही भदेसर सीआई विनोद मेनारिया और पुलिस उपाधीक्षक विनोद लेखेरा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उच्च अधिकारियों को सूचना देने के बाद एसपी कार्यालय से एमओबी टीम और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस उपाधीक्षक भदेसर विनोद कुमार ने बताया कि जमना बाई की अज्ञात बदमाशों ने हत्या की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भदेसर थाना पुलिस के साथ डीएसटी की टीम भी वारदात के खुलासे के लिए जांच में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलने पर मंडल अध्यक्ष हीरालाल रायका, पूर्व सरपंच भंवरलाल भील, पूर्व सरपंच राजकुमार सुखवाल सहित मृतका के रिश्तेदार और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द वारदात का खुलासा करने की मांग की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी ले जाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।