11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

चित्तौड़गढ़: चुनावी रंजिश में बीजेपी जिला मंत्री पर लाठी-सरियों से हमला, सिर में गंभीर चोट; 8 लोगों पर FIR

चित्तौड़गढ़ में सरपंच चुनाव के दौरान हुए विवाद में भाजपा जिला मंत्री गोपाल चौबे पर लाठी-सरियों से हमला करने का आरोप है। सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चित्तौड़गढ़

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 11 Nov 2026, 8:55 PM IST

chittorgarh bassi bjp leader gopal choubey

भाजपा जिला मंत्री गोपाल चौबे (पत्रिका फोटो)

बस्सी (चित्तौड़गढ़): स्थानीय ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव के दौरान मतदान के दिन हुआ विवाद अब मारपीट और जानलेवा हमले के मामले तक पहुंच गया है। चुनावी रंजिश के चलते भाजपा जिला मंत्री गोपाल चौबे पर लाठी और सरियों से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। इस मामले में गोपाल चौबे की रिपोर्ट पर बस्सी थाना पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थानाधिकारी प्रेम सिंह जादौन ने बताया कि भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान जिला मंत्री गोपाल चौबे ने रिपोर्ट दी है कि 5 नवंबर को बस्सी में सरपंच पद के लिए मतदान हो रहा था। उनका छोटा भाई कालूलाल चौबे मतदान बूथ पर सरपंच प्रत्याशी आशा व्यास की ओर से एजेंट था। दोपहर करीब ढाई बजे गोपाल चौबे मतदान करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके भाई के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं।

भाई के साथ मारपीट की सूचना पर पहुंचे थे मौके पर

रिपोर्ट के अनुसार, सूचना मिलने पर गोपाल चौबे मौके पर पहुंचे तो वहां रतनलाल जागेटिया, महेश जागेटिया, आशीष मुंदड़ा, राजकुमार गट्टानी, किशन जागेटिया, मुकेश जागेटिया, भैरु माली और शंभूलाल हजूरी सहित 80 से 100 लोग हथियारों के साथ मौजूद थे। आरोप है कि पूर्व चुनावी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उन पर लाठियों और सरियों से हमला कर दिया।

सिर में गंभीर चोट लगने से हुए बेहोश

गोपाल चौबे के मुताबिक, हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से वे बेहोश होकर नीचे गिर पड़े। इसी दौरान मौके पर पहुंचे अर्पित चौबे और पंकज पुरोहित ने बीच-बचाव किया और उन्हें हमलावरों से बचाया। घटना के बाद पीड़ित भाजपा नेता ने पुलिस में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

थानाधिकारी प्रेम सिंह जादौन ने बताया कि पुलिस ने गोपाल चौबे की रिपोर्ट के आधार पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, मतदान के दिन भी विवाद के दौरान पुलिस ने बीच-बचाव कर गोपाल चौबे के भाई को सुरक्षित घर पहुंचाया था। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।