
चूरू.
दानदाताओं को प्रेरित कर सरकारी विद्यालयों की दशा सुधारने में जुटे शिक्षा महकमे के हाकिमों की लापरवाही का आलम ये है कि स्कूल को गिफ्ट में मिली जमीन पर अन्य निर्माण हो रहे हैं। वहीं 21 साल पहले जमीन मिलने के बावजूद आज तक विद्यालय में कृषि विज्ञान व व्यावसायिक शिक्षा संकाय खुलने का इंतजार है। आज यहां अम्बेडकर भवन का निर्माण करवाया जा रहा है। ऐसे में भविष्य में विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान संकाय व व्यवसायिक शिक्षा संकाय भवनों की सुविधा मिलने की उम्मीद भी दम तोड़ रही है। जमीन का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद निर्माण कार्य होने से दानदाता भी आहत हैं। वहीं नगरपालिका प्रशासन उक्त जमीन पर अपना हक जताते हुए निर्माण को जायज ठहरा रहा है। तात्कालीन प्रधानाचार्य नाथूराम के मुताबिक उक्त जमीन पर कोर्ट का स्टे है। इसके बावजूद जमीन पर निर्माण कार्य होना न्यायालय की अवहेलना है। इस संबंध में कस्बे के लोग सांसद राहुल कस्वा को भी ज्ञापन सौंपकर अवगत करवा चुके हैं।
इतना सब होने के बावजूद विवादित जमीन पर अम्बेडकर भवन का शिलान्यास ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री राजेंद्र राठौड़ से करवा दिया गया।
ये है मामला
पौद्दार धर्मार्थ ट्रस्ट रतननगर ने प्रताप ङ्क्षसह की प्रेरणा से राउमावि रतननगर में कृषि विज्ञान व व्यवसायिक शिक्षा संकाय भवन निर्माण के लिए १६ अक्टूबर १९९७ को तात्कालीन प्रधानाचार्य नाथूराम नायक को 12 हजार दर गज भूमि दी थी। उक्त भूमि का पट्टा दिनांक दो अक्टूबर १९३६ का बीकानेर रियासत के समय का बना हुआ है। जिसका मालिक पौद्दार धमार्थ ट्रस्ट रतननगर था। ट्रस्ट ने विद्यालय में कृषि विज्ञान एवं व्यावसायिक शिक्षा संकाय शुरू करने के लिए पूर्ण सहमत होकर दिनांक २६ जुलाई १९९७ को एक प्रस्ताव तैयार कर घनश्यामदास शर्मा मिश्र ट्रस्टी को गिफ्ट डीड तैयार करवाने व भूमि का रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए अधिकृत किया था। तात्कालीन डीईओ ने आठ अक्टूबर १९९७ को पत्र द्वारा तात्कालीन प्रधानाचार्य को इस गिफ्ट डीड का पंजीयन करवाने के लिए अधिकृत किया। जिस पर उक्त भूमि का पंजीयन गवर्नर महोदय राजस्थान सरकार के नाम से पंजीयन करवा दिया गया।
उक्त जमीन नगरपालिका के नाम से दर्ज है। इसलिए यहां अम्बेडकर भवन निर्माण की अनुमति दी गई थी।
द्वारकाप्रसाद, ईओ, नगरपालिका, रतननगर
मेरे कार्यकाल में उक्त १२ हजार दर गज जमीन दानदाता ने विद्यालय में कृषि विज्ञान व व्यवसायिक शिक्षा संकाय शुरूकरने के लिए राज्य सरकार को दान दी थी। अब इस पर अम्बेडकर भवन बनाया जा रहा है। जबकि कोर्ट का स्टे है।
नाथूराम नायक, तात्कालीन प्रधानाचार्य, राउमावि, रतननगर
पहले जमीन के मामले में कुछ समस्या थी। मगर बाद में उसका समाधान करके ही निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है। जहां तक मुझे जानकारी है, उक्त जमीन नगर पालिका की है। इसलिए यहां निर्माण हो रहा है।
हीना बानो, अध्यक्ष, नगरपालिका, चूरू