
Churu News: जोधपुर के कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने झालामण्ड बाइपास स्थित होटल में 18.35 लाख रुपए का घोटाला करने के आरोपी होटल के एकाउंट मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने ऑनलाइन क्रिकेट लीग में सट्टा लगाने की लत के चलते पहले होटल के पांच चेक चुराए थे और फिर तीन दोस्तों के बैंक खातों में 18.35 लाख रुपए ट्रांसफर कराए थे, जहां से उसने कैश लेकर सट्टे में लगाकर गंवा दिए थे।
एएसआइ नरपतसिंह ने बताया कि प्रकरण में होटल फेयर फील्ड बाय मैरियट के एकाउंट मैनेजर चूरू जिले के सुजानगढ़ में गोपालपुरा निवासी बलवीर (27) पुत्र हेमाराम सारण को गिरफ्तार किया गया है। उसने वारदात करना स्वीकार किया है। आरोपी बलवीर को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए। उसे छह दिसम्बर को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पूछताछ में आरोपी से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। वह होटल में अकाउंट मैनेजर था। उसे पचास हजार रुपए मासिक तनख्वाह मिल रही थी। उसे सट्टे की लत थी। वह ऑनलाइन क्रिकेट लीग पर दांव लगाता था। इसके लिए उसे रुपए की जरूरत थी। इसलिए उसने होटल से पिछले दिनों चोरी-छुपे पांच खाली चेक चुराए थे।
फिर उसने 22 मई 2023 से 23 अक्टूबर 2024 के बीच अलग-अलग राशि के कुल 18.35 लाख रुपए चेक में भरे थे। फिर उसने गांव के दो मित्रों और दिल्ली में मकान मालिक के एक बेटे के नाम लिखकर उनके बैंक खाते में जमा करवाए थे। आरोपी ने राशि ट्रांसफर होते ही नकद राशि निकाल ली थी। जो उसने अलग-अलग समय पर ऑनलाइन सट्टे में दांव पर लगा दी। जिसे वह हार भी गया था।