चूरू

कुंड में गिरी बहन को बचाने के लिए भाई भी कूदा, डूबने से दोनों की मौत, गांव में पसरा सन्नाटा

नाबालिग बहन कुंड में गिर गई, उसे बचाने भाई भी कुंड में कूदा। कुंड में पानी ज्यादा होने के कारण डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना सोमवार देर शाम की गांव लाछड़सर की रोही में स्थित एक खेत की है।
less than 1 minute read
Dec 19, 2023
Brother and sister died due to drowning in the pond in churu

राजलदेसर (चूरू)। नाबालिग बहन कुंड में गिर गई, उसे बचाने भाई भी कुंड में कूदा। कुंड में पानी ज्यादा होने के कारण डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना सोमवार देर शाम की गांव लाछड़सर की रोही में स्थित एक खेत की है।

पुलिस ने बताया कि गांव लाछड़सर के निवासी भागीरथ व उसका भाई मनीराम जाट गांव की रोही में स्थित अपने खेत में ढाणी बनाकर रहते हैं। सोमवार देर शाम को भागीरथ ने अपनी बेटी रामकन्या (16) को कुंड से पानी निकालने के लिए भेजा था। इस दौरान पैर फिसलने से वह कुंड में गिर गई। पास में खड़े उसके चचेरे भाई कानाराम (20) पुत्र मनीराम जाट ने उसे कुंड में गिरते देखा तो बचाने के लिए दौड़कर कुंड में कूद गया। इसके बाद घर में अफरा- तफरी मच गई।

परिजनों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस ने आसपास के खेतों में बसे पड़ोसियों की मदद से दोनों को कुंड से बाहर निकाला व राजलदेसर के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पिता भागीरथ की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर मंगलवार को दोनों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए। जानकारी के मुताबिक मृतका रामकन्या कक्षा 11 वीं की छात्रा थी। वहीं मृतक कानाराम खेती का कार्य करता था। परिवार में एक साथ हुई दो मौतों के बाद माहौल गमगीन है। परिजनों के आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे। गांव में भी सन्नाटा पसरा है।

Published on:
19 Dec 2023 06:46 pm