
चूरू/नई दिल्ली। नई दिल्ली के सीजीओ कॉम्प्लेक्स (New Delhi CGO Complex) में स्थित अंत्योदय भवन (Antyoday Bhawan) में बुधवार को लगी आग में राजस्थान निवासी CISF के एक जवान की दम घुटने से मौत होना सामने आया है। मृतक जवान की पहचान चूरू निवासी सब इंस्पेक्टर एमपी गोदारा (53 वर्ष) के तौर पर हुई है।
फंसे लोगों को निकालने गए थे गोदारा
प्रारम्भिक जानकारी में सामने आया है कि सीआईएसएफ सब इन्स्पेक्टर को जब पता चला कि कॉम्प्लेक्स में आग लगी है, तो वो भागने के बजाये वहां फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद करने डटे रहे। वो आग लगी हुई इमारत में तब तक रहे जब तक कि सभी बाहर नहीं निकाल गए। लेकिन इस बीच भीषण आग के धूंएं से खुद गोदारा का दम घुट गया।
इस बीच मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने बेकाबू हुई आग को बचाने के बीच दम घुटने से बेहोश पड़े गोदारा को अस्पताल भी पहुंचाया, लेकिन तक तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पांचवीं मंज़िल पर आग, कई घंटों मशक्कत के बाद पाया काबू
आग सीजीओ कॉम्प्लेक्स की 5वें मंज़िल पर लगी थी, जिसपर कई घंटों की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। आग ने इतना भयावह रूप ले लिया था कि मौके पर दमकल की 24 गाड़ियों ने इसपर काबू पाया। आग सुबह करीब 8:30 बजे लगी थी। आग को काबू करने के बाद कई घंटों तक कूलिंग की प्रक्रिया चली। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं लग सका है।
गौरतलब है कि दीनदयाल अंत्योदय भवन में कई मंत्रालयों के दफ्तर भी हैं। यह आग पांचवीं मंजिल पर स्थित सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण मंत्रालय के दफ्तर में लगी थी।