
रतनगढ़.
चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति, मानव तस्करी रोकथाम समिति व पुलिस ने गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई कर एक होटल से बाल श्रमिक को मुक्त करवाया। इस संबंध में होटल मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक टीम रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर पहुंची।यहां एक बाल श्रमिक बर्तन साफ करता मिला। समिति के सदस्यों ने गांव दाउदसर निवासी 12 वर्षीय बाल श्रमिक को दस्तयाब कर लिया। यहां से उसे बाल कल्याण समिति सदस्य एडवोकेट मनीष शर्मा के समक्ष पेश किया। जहां से मनीष शर्मा ने बाल श्रमिक को चूरू बाल संप्रेक्षण गृह भेजने के आदेश दिए। बाल मजदूरी करवाने के आरोप में होटल मालिक संदीप जोशी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
अब जल्द शुरू होगा पुलिस थाने का नया भवन
सुजानगढ़. पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट ने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से मांडेता क्षेत्र में नवनिर्मित पुलिस थाना भवन जल्दी ही शुरूहोगा। गुरुवार को पुलिस थाने में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसपी बारहट ने कहा कि थाने में पानी की समुचित व्यवस्था जून माह तक करने के निर्देश थानाधिकारी दरजाराम को दे दिए हैं। शहर में सांसद राहुल कस्वा की अभिशंसा पर लगने वाले सीसीटीवी कैमरों के लगने की निश्चित समयावधि नहीं है। गौरतलब है कि सांसद ने दो वर्ष पहले सुजानगढ़ में कैमरे लगवाने के लिए अपने कोष से पांच लाख रुपए दिए थे। जो लंबी सरकारी प्रक्रिया में उलझकर रह गए हैं। एसपी ने कहा कि अभय कमान योजना के तहत चूरू जिले में लगने वाले 6 00 कैमरों में सुजानगढ़ भी शामिल है।
सभापति ने की शिकायत
नगरपरिषद सभापति सिकंदर अली खिलजी ने एसपी से पुलिस थाने में मुलाकात कर अशोक सर्किल के पास परिषद की भूमि पर बनी प्राचीन सार्वजनिक प्याऊ को अज्ञात लोगों की ओर से तोड़ दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने शिकायत करते हुए बताया कि इस संबंध में दो-तीन बार आयुक्त पुलिस को लिखित रिपोर्ट दे चुके हैं। मगर एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। सभापति के साथ आयुक्त मगराज डूडी भी मौजूद थे।