चूरू

Churu Zila Pramukh: ‘ऐसी कार्रवाई हो, कोई गद्दारी का सोच नहीं सके’, कनिका सिंह की जीत के बाद कृष्णा पूनिया की सख्त डिमांड

चूरू में जिला प्रमुख चुनाव का नतीजा आने के बाद कांग्रेस की अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ गई है। 21 सीटें जीतने वाली कांग्रेस आखिर 17 सीटों वाली भाजपा से कैसे हार गई? पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया ने इस सवाल का जवाब तलाशने के लिए भितरघातियों ही नहीं, सभी नेताओं के नार्को टेस्ट की मांग कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 3:56 PM IST
Churu Zila Pramukh Election
Churu: डॉ. कृष्णा पूनिया और कनिका सिंह (फोटो-पत्रिका)

चूरू। जिला प्रमुख चुनाव में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस को मिली हार का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। भाजपा की कनिका सिंह राठौड़ के जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज हो गई है। पूर्व विधायक एवं राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की पूर्व अध्यक्ष डॉ. कृष्णा पूनिया ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही भितरघात करने वाले जिला परिषद सदस्यों का नार्को टेस्ट करवाने की मांग उठाई है। उन्होंने यहां तक कहा कि चूरू के सभी नेताओं का नार्को टेस्ट होना चाहिए, ताकि चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग की असलियत सामने आ सके।

डॉ. कृष्णा पूनिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर कांग्रेस हाईकमान से इस मामले में सख्त कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी के साथ भितरघात और क्रॉस वोटिंग करने वाले जिला परिषद सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए पार्टी को उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए।

ऐसी कार्रवाई हो, कोई गद्दारी का साहस नहीं करे- कृष्णा पूनिया

पूनिया ने अपनी पोस्ट में लिखा कि केवल जिला परिषद सदस्यों ही नहीं, बल्कि चूरू के सभी नेताओं का नार्को टेस्ट करवाया जाना चाहिए, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई जनप्रतिनिधि या नेता अपनी ही पार्टी के साथ गद्दारी करने का साहस नहीं कर सके।

17 सीटों वाली भाजपा को मिले 22 वोट

दरअसल, चूरू जिला परिषद की कुल 39 सीटों में कांग्रेस ने 21, भाजपा ने 17 और माकपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी। इस तरह कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, जबकि भाजपा बहुमत के आंकड़े से तीन सीट पीछे थी। इसके बावजूद जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह राठौड़ को 22 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश बुडानिया को हार का सामना करना पड़ा। क्रॉस वोटिंग ने चुनाव का पूरा गणित बदल दिया। जीत के बाद कनिका सिंह ने भी अपने बयान से राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी। उन्होंने कहा- 'ससुर साहब का जादू चला, तभी तो 17 सीटों के बावजूद 22 वोट मिले।'

सरदारशहर से मितासर तक भाजपा ने मनाया जश्न

कनिका सिंह के जिला प्रमुख बनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। सरदारशहर के गांधी चौक पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर जीत की बधाई दी। भाजपा नेता राकेश टाक, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष एडवोकेट मुरलीधर सैनी, डॉ. सत्यनारायण झाझरिया, राजकरण सोनी, बाबूलाल प्रजापत और पार्षद दीपक बेद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, कनिका सिंह के गांव मितासर में भी डॉ. मुलायम सिंह राजवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई।

बीकानेर में कार्रवाई, चूरू में भी कांग्रेस की नजर

इधर, पंचायत चुनावों में भितरघात के मामलों को लेकर कांग्रेस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीकानेर में पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। डोटासरा के अनुसार, सरिता ने कांग्रेस का टिकट मिलने के बावजूद भाजपा के समर्थन से जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल किया था।

डोटासरा ने साफ कहा कि पार्टी से गद्दारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चूरू सहित बीकानेर और डीग में क्रॉस वोटिंग करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की बात कही है। ऐसे में चूरू में कृष्णा पूनिया की नाराजगी और नार्को टेस्ट की मांग ने कांग्रेस के भीतर चल रही सियासी खींचतान को और तेज कर दिया है।

यह वीडियो भी देखें :