
राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई। भानीपुरा थाना इलाके में राणासर जैतासर गांव के पास मेगा हाईवे पर एक निजी बस और सब्जियों से भरी पिकअप की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मेगा हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निजी बस आगामी चुनाव ड्यूटी के लिए श्रीगंगानगर से सरदारशहर की ओर आ रही थी। दूसरी ओर से पिकअप गाड़ी सब्जियों से लदी हुई हनुमानगढ़ की तरफ जा रही थी।
राणासर जैतासर गांव के पास दोनों वाहन आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर के कारण दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए, जिन्होंने बाद में दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े। राणासर गांव के जसवंत सिंह ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। वहीं बस चालक को 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बस कंडक्टर को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए फौरन पल्लू रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही भानीपुरा थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर किनारे करवाया, जिससे बाधित हुआ ट्रैफिक सुचारू हो सका। पुलिस ने दोनों चालकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।