टीम ने शहर के लोहिया कॉलेज, रेलवे स्टेशन, परिवहन का साधन, बालिका महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, जिला खेल स्टेडियम, राजकीय डीबी अस्पताल सहित सार्वजनिक स्थानों पर पम्पलेट लगाए।
चूरू. शहर के सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की कालिका टीम ने राजकॉप सिटीजन ऐप के पम्पलेट लगाए। टीम की हैड कांस्टेबल कौशल्या ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायत दर्ज करवाने के लिए थानों तक जाने की जरूरत नहीं रहे। शहरवासी राजकॉप सिटीजन ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते है। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी अधिकांश लोगों को नहीं है। शहर के लोग ऐप डाउनलोड ही नहीं कर रहे है। ऐसे में कई बार संकट होने पर भी वे पुलिस की सहायता से वंचित रह जाते है।
कालिका टीम (Kalika Team) ने शुक्रवार को इस ऐप के प्रति शहरवासियों को जागरूक करने की पहल की। टीम ने शहर के लोहिया कॉलेज, रेलवे स्टेशन, परिवहन का साधन, बालिका महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, बस स्टेण्ड, लेडिज मार्केट, जिला खेल स्टेडियम, राजकीय डीबी अस्पताल सहित सार्वजनिक स्थानों पर पम्पलेट लगाए। कालिका टीम ने सार्वजनिक स्थानों से गुजर रहे लोगों को ऐप डाउनलोड कर उसका उपयोग करने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पम्पलेट पर क्यूआर कोड को आसानी से व्यक्ति स्कैन कर ऐप डाउनलोड कर सकते है। पम्पलेट स्कूल कॉलेज के नोटिस बोर्ड, सार्वजनिक परिवहन के साधन सहित अन्य जगह पर लगवा रहे है। यह मुख्य रूप से महिलाओं की सुरक्षा व पुलिस से सरल तरीके से कैसे सहयोग प्राप्त करने के लिए है।
उन्होंने बताया कि नीड हेल्प से ऐप में एक फीचर आवश्यकता हेल्प व यात्रा सूचना है। नीड हेल्प में आपातकालीन स्थिति चुनने पर पुलिस तुरंत सहायता के लिए पहुंचेगी। वहीं आपातकालीन स्थिति नहीं होने पर पुलिस यह तय करेगी कि सहायता कब और कैसे की जानी है।
ऐप पर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध
किराएदार या नौकर का पुलिस सत्यापन करवा सकते हैं। साइबर फ्रॉड की सूचना और रिपोर्ट दे सकते हैं। एसओएस पैनिक बटन से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं। मोबाइल से कहीं से भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। शिकायत गोपनीय और पारदर्शी रहती है। शिकायत का समयबद्ध समाधान किया जाता है। इसमें त्वरित जवाब मिलता है। इस अवसर पर कालिका टीम की कांस्टेबल मंजु, प्रमिला, निर्मला, कान्ता, सुनीता, निरंजना, सरोज, चंदा आदि मौजूद रही।