चूरू

ग्राउंड रिपोर्ट: चूरू का रोडवेज बस डिपो बदहाली का शिकार, 29 साल से सड़क निर्माण का इंतजार, धूल और गंदगी से यात्री परेशान

चूरू रोडवेज बस डिपो 29 साल बाद भी बदहाली से जूझ रहा है। टूटी सड़कें, उड़ती धूल, कचरा, खराब ट्यूबवेल और बंद टिकट मशीन से यात्री परेशान हैं। प्रबंधन ने सड़क निर्माण कार्य प्रक्रिया में होने की बात कही है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 6:46 PM IST
Churu Roadways Bus Depot
चूरू का रोडवेज बस डिपो बदहाली का शिकार (पत्रिका फोटो)

Churu Roadways Bus Depot: चूरू: यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं देने के दावों के बीच चूरू का रोडवेज बस डिपो खुद बदहाली का शिकार है। वर्ष 1997 में शुरू हुए इस बस डिपो को 29 साल बीत चुके हैं, लेकिन परिसर की सड़कों की सूरत आज तक नहीं बदल सकी। करोड़ों की लागत से बने इस परिसर में जगह-जगह सड़कें उखड़ी हुई हैं। दिनभर बसों की आवाजाही से धूल उड़ती रहती है, जिससे यात्रियों और रोडवेज कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ती है।

29 साल बाद भी नहीं बदली सड़कों की सूरत

बस डिपो में अव्यवस्थाएं सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं हैं। प्रवेश द्वार के आसपास गंदगी और टूटी दीवारें परिसर की बदहाली बयां कर रही हैं। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं और यात्रियों के बैठने के लिए बनी बेंच भी खराब हालत में हैं। शौचालयों के आसपास गंदगी के कारण दुर्गंध फैली रहती है।

छह महीने से ट्यूबवेल खराब, बिना धुलाई दौड़ रहीं बसें

डिपो की कार्यशाला में पिछले छह महीने से ट्यूबवेल खराब पड़ा है। पानी की कमी के चलते बसों की नियमित धुलाई नहीं हो पा रही है। कई बसें बिना धुलाई के ही रूट पर रवाना करनी पड़ रही हैं। कार्यशाला में काम करने वाले कर्मचारियों को हाथ धोने तक के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो रहा।

पूछताछ खिड़की से कैंटीन तक अव्यवस्थाएं

यात्रियों की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। बसों के समय और रूट की जानकारी देने वाली पूछताछ खिड़की पर नियमित कर्मचारी नहीं मिलता। ऑनलाइन टिकट की सुविधा के लिए लगाई गई मशीन भी लंबे समय से बंद है। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए बनाई गई कैंटीन पर ताला लटका हुआ है। ऐसे में चाय-नाश्ते और पानी के लिए यात्रियों को बाहर जाना पड़ता है।

सड़क निर्माण की प्रक्रिया में जुटा रोडवेज प्रबंधन

हैरानी की बात यह है कि करीब तीन दशक से इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। हालांकि, रोडवेज प्रबंधन का कहना है कि बस स्टैंड की सड़क का निर्माण कार्य प्रक्रिया में है। जिला कलक्टर के मार्गदर्शन में मरम्मत और सड़क निर्माण का काम प्रस्तावित है। अब देखना होगा कि यह प्रक्रिया कब धरातल पर उतरती है और यात्रियों को बदहाल बस डिपो से राहत मिलती है।

Updated on:
24 Nov 2026, 6:46 PM IST
Published on: