
सादुलपुर (चूरू)। सिधमुख पंचायत समिति में प्रधान पद पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस प्रत्याशी जेपी दलाल निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं भाजपा प्रत्याशी मंजू कंवर का नामांकन पत्र जांच के दौरान प्रस्तावक के हस्ताक्षर नहीं होने के कारण निरस्त कर दिया गया। ऐसे में प्रधान पद के लिए मैदान में केवल कांग्रेस प्रत्याशी जेपी दलाल ही रह गए और उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उनके निर्वाचन की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
प्रधान पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा प्रत्याशी मंजू कंवर निर्धारित आवेदन पत्र पर प्रस्तावक के हस्ताक्षर नहीं करवा पाईं। बताया जा रहा है कि एक प्रस्तावक ने पहले हस्ताक्षर करने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में उसने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। इसके चलते नामांकन पत्र में आवश्यक हस्ताक्षर नहीं होने पर निर्वाचन अधिकारी ने जांच के दौरान भाजपा प्रत्याशी का आवेदन निरस्त कर दिया। भाजपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी जेपी दलाल के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।
उल्लेखनीय है कि सिधमुख पंचायत समिति की कुल 15 सीटों में से कांग्रेस ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं भाजपा को एक सीट मिली थी, जबकि एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी मांगेराम जांगिड़ विजयी हुए थे। बाद में निर्दलीय सदस्य मांगेराम जांगिड़ कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके बाद कांग्रेस समर्थित सदस्यों की संख्या बढ़कर 14 हो गई थी। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, जबकि भाजपा के पास पर्याप्त समर्थन नहीं था। नामांकन जांच में भाजपा प्रत्याशी का पर्चा निरस्त होने के बाद जेपी दलाल निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गए।