कोहरा इतना गहरा था की दृश्यता 100 मीटर से भी कम रही। सुबह 9 बजे सूर्यदेव दिखाई दिए और कोहरा कम होता रहा। कोहरे के कारण सुबह सर्दी का असर रहा।
चूरू. उत्तरायण में सूर्य के आने के बाद सर्दी का असर आमतौर पर कम हो जाया करता है, लेकिन इस बार उमड़उमड़ कर आ रही सर्दी से आम जनजीवन पटरी पर नहीं आ पा रहा है। मावठ की बारिश के बाद जहां तापमापी पारे में उतार चढ़ाव का दौर जारी रहा वहीं शीत हवाओं के चलने से मौसम सर्द रहा। गुरुवार को अंचल में घना कोहरा छाया रहा।
कोहरा इतना गहरा था की दृश्यता 100 मीटर से भी कम रही। सुबह 9 बजे सूर्यदेव दिखाई दिए और कोहरा कम होता रहा। कोहरे के कारण सुबह सर्दी का असर रहा। हवा में नमी के कारण जहां मौसम सर्द रहा वहीं न्यूनतम तापमापी पारा लुढ़का। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 7.0 तथा अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया और आर्द्रता 100 प्रतिशत रही।
कोहरे से रबी की फसल को फायदा
कृषि विभाग के अनुसार कोहरा छाने से रबी की फसल को फायदा मिलेगा। कोहरे से सरसो, चने, जौ और गेंहू आदि की अगेती फसल को लाभ मिलेगा। कृषि अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और मावठ की बारिश हो गई तो रबी की फसल के लिए सोने में सुहागा होगा। इसी क्रम में किसानों का मानना है कि पछेती फसल पर तो कोई ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि सरसों में फलियां आनी शुरू हो गई हैं, लेकिन कोहरा और मावठ पछेती फसल के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
यलो अलर्ट जारी
मौसम केन्द्र के अनुसार राज्य में 31 जनवरी से 2 फरवरी के दौरान एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय। चूरू (Churu) में शुक्रवार को भी कोहर का यलो अलर्ट (Fog Yellow Alert) जारी किया गया है। इसी क्रम में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को देखते हुए चूरू और शेखावाटी में 31 जनवरी से 2 फरवरी तक मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम केंद्र ने इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है।
शीत हवाओं से बढ़ी सर्दी
सुजानगढ़. शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को सुबह घने कोहरे का असर दिखाई दिया। कोहरे के साथ शीत हवाओं ने सर्दी को दुगुना कर दिया। सुबह करीब साढ़े 6 बजे कोहरे का असर शुरू हुआ जो करीब 10 बजे तक जारी रहा। इसके बाद सूर्य देव ने दर्शन दिए। दिनभर बादलों की आवाजाही रही ओर मामूली हवाएं भी चलती रही। कोहरे के कारण बस स्टेण्ड, घंटाघर, लाडनूं बस स्टैंड, मुख्य बाजार, गांधी चौक, भोजलाई चौराहा सहित हाईवे की होटलों पर अलाव तापते नजर आए।
जनजीवन हुआ प्रभावित
सांखूफोर्ट. क्षेत्र में गुरुवार को सुबह चार बजे बाद छाया कोहरा छाया जिससे पशु पक्षी व आम जनजीवन प्रभावित हुआ है कोहरा इतना घना था कि 20 मीटर की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे के चलते वाहन चालक भी हैडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए। लोग जगह जगह अलाव से तपकर सर्दी का बचाव करते नजर आए। सुबह 11 बजे बाद निकली धूप से लोगों को सर्दी से राहत मिली।
दूसरे दिन भी रहा कोहरे का असर
रतनगढ़. क्षेत्र में दूसरे दिन गुरुवार को भी कोहरे का असर रहा। सर्दी की ठिठुरन के कारण लोगों की कंपकंपी छूट रही थी तो वहीं वातावरण में छाए घने कोहरे के कारण सामान्य यातायात व आवागमन प्रभावित हुआ। हाइवे पर चलने वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन हैडलाइट के सहारे सड़क पर चलते हुए दिखाई दिए। कोहरे का लोगों की दैनिक दिनचर्या पर भी असर रहा। लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से बचने का प्रयास किया। हालांकि यही कोहरा फसलों के लिए वरदान साबित हो रहा है।