चूरू

हिस्ट्रीशीटर को मारने की नीयत से फायरिंग

पूनिया कॉलोनी की घटना, निशाने पर था हिस्ट्रीशीटर शेरसिंह
2 min read
Jul 19, 2018
churu firing news
churu photo

चूरू.

शहर की पूनिया कॉलोनी में मंगलवार देर रात सदर थाने के हिस्ट्रीशीटर शेरिया उर्फ शेरसिंह राठी के घर पर जान से मारने की नीयत से पांच-छह युवकों ने फायरिंग कर दी। आरोपियों ने जाते समय घर के बाहर खड़ी गाड़ी व बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं, देर रात चली गोलियों की आवाज से पूनिया कॉलोनी के लोग सहम गए।
सूचना मिलने पर एएसपी अनिल सिंह चौहान, डीएसपी देवेंद्र सिंह, सदर थानाधिकारी पृथ्वीपाल सिंह व कोतवाली थानाधिकारी रमेश कुमार सर्वटा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर आरोपियों को पकडऩे के लिए शहर में नाकाबंदी करवाई लेकिन पुुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।
सदर पुलिस के मुताबिक वार्ड २३ निवासी चुन्नी देवी ने रिपोर्ट दी कि मंगलवार को बेटे शेरसिंह राठी का जन्म दिन मना रहे थे। घर में बेटे के दोस्त आए थे और भोजन चल रहा था। इसी दौरान वार्ड २३ निवासी विक्रम गोदारा, सुभाष माली, वार्ड २४ निवासी प्रमोद राठी, अमरचंद राठी व रामू राठी बंदूक लेकर आए और फायरिंग करने लगे। घर के लोगों ने छुपकर अपनी जान बचाई। आरोपी बिना बात के गाली गलौच करने लगे। घर के बाहर खड़ी गाड़ी व दुपहिया वाहन को तोडफ़ोड़ कर चले गए। रात में एक साथ चली गोलियों की आवाज से कॉलोनी के लोगों की नींद उड़ गई। फिर एक के बाद एक आई पुलिस की गाडिय़ां देखकर लोग घरों में चले गए। पुलिस ने जान से मारने की नीयत का मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच सदर थानाधिकारी पृथ्वीपाल सिंह कर रहे हैं।

शांतिभंग के आरोप में चार गिरफ्तार
वहीं, कोतवाली पुलिस ने मंगलवार देर रात झगड़ा करते चार युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक वार्ड १६ निवासी प्रद्युमन सिंह, वार्ड १७ निवासी शहनवाज उर्फ धोलिया, वार्ड १९ निवासी इरफान खान व बूंटिया निवासी अमित उर्फ मितला को लोहिया कॉलेज के पास झगड़ा करते पाए जाने पर शांतिभंग में ंगिरफ्तार किया है।

Published on:
19 Jul 2018 12:07 pm