चूरू

फेसबुक पर कमेंट्स को लेकर आया गुस्सा, कर दिया फायर

सदर थाना इलाके के गांव राणासर में पांच नामजद युवकों ने आपसी रंजिशवश एक युवक पर फायरिंग कर दी। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस को वहां किसी तरह के कारतूस के खोळ नहीं मिले।
less than 1 minute read
Jan 25, 2019
churu news
फेसबुक पर कमेंट्स को लेकर आया गुस्सा, कर दिया फायर

चूरू. सदर थाना इलाके के गांव राणासर में पांच नामजद युवकों ने आपसी रंजिशवश एक युवक पर फायरिंग कर दी। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस को वहां किसी तरह के कारतूस के खोळ नहीं मिले। सदर थानाधिकारी पृथ्वीपाल सिंह के मुताबिक गांव राणासर निवासी खालिद व आरोपी मिक्की के बीच करीब एक साल पहले फेसबुक पर किए गए कमेंट्स को लेकर आपसी रंजिश चल रही थी। इसी सिलसिले में बुधवार को बिसाऊ में दोनों के बीच समझौता वार्ताहुई थी। मगर काफी देर तक चर्चा के बाद वार्ताविफल रही। बाद में खालिद वहां से वापस अपने गांव राणासर आ गया। रात करीब आठ बजे खालिद गांव में ही अपनी जीप में बैठा था। इस दौरान कार में सवार होकर आए गांव घंटेल निवासी आरोपी गंगासिंह, लादडिय़ा निवासी प्रदीप, पीथीसर निवासी मिक्की, इरफान व आसिफ ने जीप के पीछे अपनी कार लगा दी और खालिद पर फायरिंग कर दी। खालिद ने बचने का प्रयास किया तो उसकी जीप आरोपियों की कार से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। थानाधिकारी के मुताबिक रात को ही संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर इनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। उच्चाधिकारियों को अवगत करवाकर इलाके में नाकाबंदी करवाई गई। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।


खालिद पर दर्ज है फायरिंग के दो मामले
थानाधिकारी के मुताबिक खालिद बदमाश प्रवृति का युवक है। इस पर कोतवाली व सदर थाने में फायरिंग के मामले दर्ज हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
25 Jan 2019 11:35 am