
चूरू.
अंचल में शुक्रवार शाम करीब पौने पांच बजे 55 किलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए अंधड़ के कारण सड़कों पर कोहरा सा छा गया। वाहनों की रफ्तार पर अचानक ब्रेक सा लग गया। वहीं आसमान में धूल छाने के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ। पक्षियों के लिए शामत सी आ गई। अंधड़ आते ही बिजली गुल हो गई। करीब 40 मिनट तक बिजली भी गुल रही। अंधड़ से कहीं पर भी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के मुताबिक अंधड़ करीब 4.40 बजे आया था और करीब 30 मिनट तक बना रहा। इस दौरान रफ्तार कभी तेज तो कभी कुछ धीमी हो रही थी। आसमान में रेत का गुबार बादलों की तरह नजार आया। हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही शुक्रवार को आंधी व बारिश की अशंका जताई थी। मौसम विभाग के मुताबिक अंधड़ उत्तर-पश्चिम दिशा से आया।
आज भी आ सकती है आंधी
मौसम विभाग के मुताबिक 11 मई को भी चूरू, बाड़मेर, बीकानेर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर, नागौर व श्रीगंगानगर में अंधड़ के साथ बारिश, ओलावृष्टि व आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी चेतावनी जारी की है। इसलिए किसान इससे विशेष रूप से सावधान रहें।
तापमान में मामूली गिरावट
इधर, तापमान में शुक्रवार को भी गिरवाट जारी रही। एक डिग्री गिरवाट के साथ पारा 42.9 डिग्री पर आ गया जिससे अंचल में लू का असर नहीं रहा। तीन चार दिनों में अधिकतम पारा 2.6 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 2 डिग्री गिरकर शुक्रवार को 28.5 डिग्री पर आ गया।