चूरू

धारदार हथियार से गर्दन काट कर पति ने की पत्नी की हत्या, आरोपी फरार

पानी के लिए तार लगाने की बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी। बाद में आरोपी कमरा बंद कर मौके से फरार हो गया।
2 min read
• •
Updated: 27 Jan 2023, 6:01 PM IST
Husband killed his wife in churu

साहवा (चूरू)। गांव भाड़ंग में गुरुवार को पानी के लिए तार लगाने की बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी। बाद में आरोपी कमरा बंद कर मौके से फरार हो गया। दोपहर को मृतका का बेटा ढाणी में गया, जहां खेत में माता व पिता को नहीं पाकर कमरे में गया तो चारपाई पर खून से लथपथ मां का शव देखकर उसके होश उड़ गए। इस पर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। आरोपी के परिजनों ने पुलिस व मृतका के पीहर पक्ष वालों को सूचना दी।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटना का निरीक्षण कर गुरूवार रात में मृतका का शव श्रीमती मोहनी देवी चाचान राजकीय सीएचसी की मोर्चरी में रखवा कर मृतका के भाई ओमप्रकाश की रिपोर्ट पर आरोपी कृष्ण कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शुक्रवार सुबह सीएचसी प्रभारी डॉ. रामेश्वर लाल भाकर की टीम से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।

आरोपी पति कृष्ण कुमार पुत्र भींवाराम सहारण ( 42 ) निवासी भाड़ंग हाल निवासी साहवा गांव भाड़ंग की रोही में अपने खेत में ढाणी बनाकर परिवार सहित रहता है। जिसने गुरुवार दोपहर 12 बजे के करीब अपने खेत में बनी ढाणी के कमरे में अपनी पत्नी बिमला ( 40 ) के गर्दन, हाथ, पैर आदि पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी व बाद में कमरा बंद कर फरार हो गया।

साहवा थानाधिकारी रामप्रताप ने बताया कि गुरुवार दोपहर बाद सूचना मिलने पर पहुंचे थे। गांव भड़ंग की रोही में भीवाराम के खेत में बनी ढाणी में कृष्णकुमार ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी जिस पर घटना स्थल पर पहुंचे तो वहां बने एक कमरे में चारपाई पर बिमला का शव पड़ा मिला और चारपाई और जमीन पर खून बिखरा पड़ा था। बिमला देवी की शादी करीब 22 वर्ष पहले हुई थी। इनके दो पुत्र हैं जिनमें बड़ा पुत्र 15 वर्ष का व छोटा पुत्र 12 वर्ष का है।

Published on: