चूरू

मौसमी बीमारी में गंभीरता नहीं बरती तो गिरेगी गाज

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. मनोज शर्मा ने कहा कि जिले में मौसमी बीमारियों व चिकित्सा विभाग की प्रदेश में चल रही विभिन्न योजनाओं में गंभीरता नहीं बरतने वाले चिकित्सा संस्थान प्रभारियों व चिकित्सा अधिकारियों पर अब गाज गिरेगी।
2 min read
Feb 21, 2019
churu news
मौसमी बीमारी में गंभीरता नहीं बरती तो गिरेगी गाज

चूरू. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. मनोज शर्मा ने कहा कि जिले में मौसमी बीमारियों व चिकित्सा विभाग की प्रदेश में चल रही विभिन्न योजनाओं में गंभीरता नहीं बरतने वाले चिकित्सा संस्थान प्रभारियों व चिकित्सा अधिकारियों पर अब गाज गिरेगी। टीकाकरण, परिवार कल्याण में जिला पिछले तीन साल से अव्वल रहा हैं ऐसे में निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं करने वाले चिकित्सा संस्थान के प्रभारियों व कार्मिकों को पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। मुख्य चिकित्सा एंव स्वास्थ्य अधिकारी बुधवार को अटल सेवा केन्द्र मेंं जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले में मौसमी बीमारियों व स्वाइन फ्लू की प्रभावी रोकथाम के लिए आमजन को जागरूक करने तथा रोकथाम के लिए बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर जिले में सीएचसी व पीएचसी स्तर पर चिकित्सक आजमन को जागरूक करें। मौसमी बीमारियों के उपचार को लेकर निचले स्तर पर जानकारी दी जाए। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू की प्रभावी रोकथाम के लिए ब्लॉक सीएमओ अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से दौरे करें। उन्होंने चिकित्सा संस्थान के नियमित निरीक्षण व समय पर चिकित्साकर्मियों की उपस्थिति के भी निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए जाने पर रोगी के संपर्क में आये लोगों व पड़ोसियों की समुचित स्क्रीनिंग के साथ-साथ रैनबसेरों, स्कूलों, होटलों एवं छात्रावास इत्यादि स्थानों पर विषेश सतर्कता बरती जाए। बैठक में 108 एम्बुलेंस सेवा के लिए ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में पिछडऩे पर चिंता जताते हुए कहा कि भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में आ रही कमी को दूर किया जाए। राजश्री योजना की किश्त भुगतान में आ रही परेशानियों पर भी चर्चा की। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. भंवरलाल सर्वा ने परिवार कल्याण में जिले की प्रगति पर चर्चा की। आरसीएचओ डा. सुनील जांदू ने बताया कि राजश्री योजना की किश्त के भुगतान में प्रगति पिछले माह से इस बार अधिक है। इसके अलावा परिवार कल्याण में भी जिले ने निर्धारित लक्ष्यों को पूरा किया गया है। इस दौरान सीएमएचओ शर्मा ने जिले में राजकीय चिकित्सा संस्थान के निर्माण की प्रगति के बारे में भी बताया। बैठक में उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. देवकरण गुरावा, जिला क्षय रोग अधिकारी डा. मुकेश, बीसीएमओ डा. इदरीश, डा. दिनेश, डा. विकास सोनी, हरकेश बुडानिया, डा. अखिलेश शर्मा, डा. देवीलाल, डीपीएम आशीष खण्डेलवाल आदि मौजूद थे।

प्रसव पूर्व जांच में पिछड़ रहा चूरू
उन्होंने कहा कि राजश्री योजना की किश्त के भुगतान से ही आगे की किश्त का भुगतान लाभार्थी को हो सकेगा। बैठक में संस्थागत प्रसव, परिवार कल्याण के निर्धारित लक्ष्य पूरे करने, निर्माणाधीन चिकित्सा संस्थान की कार्य प्रगति पर भी चर्चा की। जिले में टीकाकरण अभियान, आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम की भी समीक्षा की। प्रवस पूर्व जांच में जिला प्रथम जांच में ७६ प्रतिशत, द्वितीय में ५२ प्रतिशत तो तृतीय एएनसी जांच में ५६ प्रतिशत ही लक्ष्य प्राप्त कर पा रहा है। संस्थागत प्रसव में चूरू ब्लॉक ११३.८६ प्रतिशत के साथ सबसे आगे है। टीकाकरण में ८१.५५ प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।

Published on:
21 Feb 2019 03:06 pm