
चूरु। उत्तर प्रदेश में भाजपा के पार्षद बुक्कल नवाब द्वारा हनुमान जी को मुसलमान बताने का यहां प्रसिद्ध सालासर हनुमान मंदिर के पुजारियों ने विरोध व्यक्त किया है।
सालासर हनुमान मंदिर के पुजारी महावीर ने एक बयान में कहा है कि हनुमान जी को मुस्लिम बताना हास्यास्पद और धार्मिक टकराव पैदा करने वाला है।
उन्होंने कहा है कि मुस्लिम धर्म सनातन धर्म से पुराना नहीं है लिहाजा हनुमान जी को मुस्लिम बताना उचित नहीं है। एक अन्य पुजारी ने कहा कि मुस्लिम धर्म की किसी भी किताब में हनुमान जी का जिक्र नहीं है फिर उन्हें मुस्लिम धर्म से क्यों जोड़ा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने हनुमान जी वनवासी बताकर विवाद पैदा कर दिया था। इसके बाद कई संगठनों ने हनुमान जी को लेकर कई विवादित बयान दिये।
इनमें भाजपा पार्षद बुक्कल नवाब का बयान भी शामिल है। बुक्कल नबाव ने कहा था कि हनुमान जी मुसलमान थे। साथ ही यह भी दलील दी थी कि मुसलमानों के नाम भी हनुमान के नाम से जुड़े हैं, जैसे- रहमान, सुल्तान, जिशान, रिहान, इमरान आदि।