
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में शौचालय निर्माण से वंचित प्रत्येक घर का सर्वे कर पात्रता के अनुसार मनरेगा में शौचालय निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में जिला कलक्टर ललित कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में हुई बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस मौके पर गुप्ता ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित कार्य योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के लिए जिले की अनुमोदित 38 ग्राम पंचायतों से तकनीकी स्वीकृति व शेष ग्राम पंचायतों की कार्य योजना तैयार करने के लिए विकास अधिकारियों को निर्देश दिए। गुप्ता ने मुख्यमंत्री स्वच्छ ग्राम योजनान्तर्गत गांव की जनसंख्या के आधार पर 150 घरों का कलस्टर तैयार कर ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन की कार्य योजना 13 अप्रेल तक भिजवाने के निर्देश दिए। वे जिले में निर्मित व्यक्तिगत शौचालयों की 30 अप्रेल तक फोटो अपलोड करें। प्रत्येक ब्लाक से खुले में शौच मुक्त प्रथम सात ग्राम पंचायतों को मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करें।
इस दौरान जिला कलक्टर ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत विद्यालयों में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन किया। बैठक में सीईओ महेन्द्र लोढा, एसीईओ रामरतन सौंकरिया, जिले के विकास अधिकारी, लेखाधिकारी देवीदत्त पारीक, स्वच्छ भारत मिशन के जिला सलाहकार श्यामलाल शर्मा, ओमप्रकाश, सरला जांगिड़ एवं सानिव के अभियंता, एमजेएसए के सहायक अभियंता महेन्द्र कुमार आदि मौजूद थे।