चूरू

Rajasthan: ददरेवा धाम में श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात; 50 लाख की लागत से बन रहा आधुनिक सुविधा केंद्र

लगभग 25 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में बनाए जा रहे इस सुविधा केंद्र में श्रद्धालुओं के ठहरने और आराम करने की समुचित व्यवस्था होगी। निर्माण कार्य के तहत सुलभ शौचालयों के साथ-साथ दो बड़े जल सेवा केंद्र भी बनाए जाएंगे।

2 min read
Feb 07, 2026
ददरेवा धाम में चल रहा निर्माण कार्य (फोटो-पत्रिका)

चूरू। सादुलपुर क्षेत्र के लोकदेवता श्रीजाहरवीर गोगाजी की जन्मस्थली एवं गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि ददरेवा गांव में अब श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। युवा सरपंच की पहल पर अब गांव की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से मेला मैदान में श्रद्धालुओं के ठहरने और आराम के लिए आधुनिक सुविधा केंद्र का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

पूर्व प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़ की अनुशंसा पर जिला कलक्टर की ओर से डीएमएफटी फंड से इस परियोजना को स्वीकृति दी गई है। यह सुविधा केंद्र विशेष रूप से गोगाजी के लक्खी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होगा।

ये भी पढ़ें

दौसा जिले में ‘गिव अप’ अभियान तेज, 1158 अपात्र राशन कार्ड धारकों को नोटिस, वसूली की चेतावनी

25 हजार वर्ग फीट में होगा निर्माण

लगभग 25 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में बनाए जा रहे इस सुविधा केंद्र में श्रद्धालुओं के ठहरने और आराम करने की समुचित व्यवस्था होगी। अब तक मेले के दौरान बारिश और तेज धूप से बचाव के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पंचायत द्वारा कराया जा रहा यह निर्माण कार्य अत्यंत सराहनीय और जनहितकारी माना जा रहा है।

सुलभ शौचालय और पेयजल की विशेष व्यवस्था

मेले के दौरान सबसे बड़ी समस्या शौचालय और पेयजल की रहती थी। मैदान में लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद पीने के पानी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी, जिससे यात्रियों को पानी खरीदकर पीना पड़ता था। अब निर्माण कार्य के तहत सुलभ शौचालयों के साथ-साथ दो बड़े जल सेवा केंद्र भी बनाए जाएंगे। इनमें सैकड़ों नल लगाए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

इनका कहना है-

यहां वर्षों से चली आ रही श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान इस निर्माण कार्य से काफी हद तक हो जाएगा। पूर्व प्रतिपक्ष नेता राठौड़, जिला कलक्टर के प्रयास और बजट स्वीकृति से यह भव्य निर्माण कार्य संभव हो रहा है। सुविधा केंद्र के निर्माण से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी आस्था एवं भक्ति और अधिक सुदृढ़ होगी। -मोहम्मद जाहिद कुरैशी, प्रशासक, ग्राम पंचायत ददरेवा

ये भी पढ़ें

Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ से दर्दनाक खबर, तालाब में मिला मां और मासूम बेटे का शव, इलाके में फैली सनसनी

Updated on:
07 Feb 2026 05:22 pm
Published on:
07 Feb 2026 05:21 pm
Also Read
View All

अगली खबर