
सुजानगढ़. शहर के बैद हॉस्पिटल के पास के मोहल्ले में दोपहर एक मकान में मां-बेटी ने रस्सी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि वार्ड 10 में गुलशन (30) और उसकी पुत्री सिमरन (9) ने अपने घर के कमरे में पंखे के हुक से रस्सी डालकर झूल गई।
पुलिस ने बताया कि आत्महत्या कब की, इसका सही समय पता नहीं लगा पाया है। जिस समय घटना हुई उस समय घर पर दोनों के अलावा कोई और नहीं था। गुलशन की देवरानी (बहन) घर पहुंची तो दोनों फंदे पर लटकी हुई थी।
यह देख देवरानी हक्की-बक्की रह गई। उसने ही आसपास के लोगों व परिजनों को सूचना दी। तब परिजन व मोहल्लेवासी सभापति सिकंदर अली खिलजी पहुंचे। थानाधिकारी दरजाराम व डीएसपी सुखविंदर पाल सिंह भी मौका स्थल पहुंचकर जायजा लिया। दोनों के शवों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गुलशन का पीहर जीली गांव है जहां से उसके भाई व अन्य परिजन पहुंचे।
इसी प्रकार गुलशन के ससुर कालू मोहम्मद दुगोली (जायल) से सरकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बताया कि जिस कमरे में आत्महत्या की उसमें लोहे की बड़ी कोठी मिली। सम्भवत: इस कोठी पर चढ़कर दोनों फंदा लगाकर झूल गई। गुलशन का पति गुलाम मोहम्मद विदेश रहता है।
गुलाम मोहम्मद का एक बेटा भी विदेश रहता है। गुलाम मोहम्मद की पहली पत्नी का निधन हो जाने के बाद गुलशन से दूसरी शादी की थी। अस्पताल में पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया। गुलशन के बड़े भाई रज्जाक जीली की रिपोर्ट पर जांच शरू की गई है।