Rajasthan Women Congress: चूरू जिले की पूर्व नगरपरिषद सभापति पायल सैनी को राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया है।
चूरू। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की स्वीकृति के बाद राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की चौथी लिस्ट रविवार को जारी हुई। इस लिस्ट में चूरू जिले की पूर्व नगरपरिषद सभापति पायल सैनी को राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया है।
राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव के पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर पायल सैनी ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा, राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह का आभार जताया।
नवनियुक्त राजस्थान महिला कांग्रेस महासचिव पायल सैनी ने कहा कि पार्टी की ओर मुझ पर जताया गया यह विश्वास मेरे लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है। मैं इस महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करूंगी। साथ ही पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगी।
नगरपरिषद चूरू की सभापति के तौर पर पायल सैनी ने जनहित, शहरी विकास और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके प्रशासनिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जमीनी राजनीति पर मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
कांग्रेस की पायल सैनी वर्ष 2019 में पहली बार चूरू नगर परिषद की महिला सभापति बनी थीं। चूरू नगर परिषद के इतिहास में सबसे कम आयु में सभापति बनने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है।