चूरू

Rajasthan: बेलगांव में नेवी की नाव पलटने से बड़ा हादसा, चूरू का लाल विजय कुमार हुआ शहीद; दो साल पहले हुई थी शादी

Rajasthan News: चूरू जिले के तारानगर के आनंदसीहपुरा की ढाणी का सैनिक विजय कुमार धीनवाल महाराष्ट्र में एक नाव हादसे में शहीद हो गया। शहादत की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में गमगीन माहौल हो गया।
2 min read
• •
Updated: 9 Sep 2024, 3:46 PM IST
Feature image

Rajasthan News: राजस्थान सहित चूरू (Churu) जिले के लिए दुखद खबर सामने आयी है। जिले के तारानगर (Taranagar) के आनंदसिंहपुरा की ढाणी में उस समय मातम छा गया जब लोगों को पता चला कि गांव का सैनिक विजय कुमार धीनवाल महाराष्ट्र (Maharashtra) में एक नाव हादसे में शहीद हो गया। शहादत की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में गमगीन माहौल हो गया। बता दें महाराष्ट्र के बेलगांव में नेवी की ट्रेनिंग से लौटते समय नाव पलटने से राजस्थान के राइफलमैन विजय कुमार और पश्चिम बंगाल के रहने वाले दिवाकर रॉय वीरगती को प्राप्त हो गये।

दो साल पहले हुई थी शादी

बताया जा रहा है शहीद विजय कुमार की पार्थिव देह आज तारानगर पहुंचेगी, जहां पैतृक गांव आनंदसिंहपुरा की ढाणी में उनकी सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि होगी। इससे पहले शहीद की पार्थिव देह के साथ मोटरसाइकिलों पर तारानगर से आनंदसिंहपुरा की ढाणी तक तिंरगा यात्रा निकाली जाएगी। बता दें राइफलमैन विजय कुमार धीनवाल नेवी में तैनात थे और दो साल पहले ही शादी हुई थी। शहीद की सूचना मिलते ही परिवार में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शहीद के लिए देशभक्ती नारे लगाए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक विजय कुमार धीनवाल, जो प्रशिक्षित सैनिक थे, 35 दिनों की कठिन कमांडो ट्रेनिंग से गुजर रहे थे। उन्हें आपात स्थिति के दौरान नावों की मदद से नदी पार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। मृतक के अलावा नाव पर पांच अन्य सैनिक भी सवार थे। वे सभी अपनी ट्रेनिंग पूरी कर चुके थे और वापस लौट रहे थे, तभी नदी किनारे से महज 50 मीटर दूर नाव पलट गई। इस हादसे में राजस्थान के राइफलमैन विजय कुमार और पश्चिम बंगाल के रहने वाले दिवाकर रॉय शहीद हो गये।

राजेन्द्र राठौड़ ने शहादत को किया नमन

वहीं, राजस्थान में पूर्व नेताप्रतिपक्ष रहे राजेन्द्र राठौड़ ने जवान की शहादत को नमन करते हुए कहा कि, "तारानगर के गांव आनंदसिंहपुरा के वीर सपूत राइफलमैन विजय कुमार धीनवाल जी के कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहादत का समाचार प्राप्त हुआ है। आपका सर्वोच्च बलिदान सदैव याद रखा जायेगा। दुःख की कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शहीद के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत शहीद की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।"

देवेन्द्र झाझड़िया ने जताया शोक

इसके अलावा चूरू लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे देवेन्द्र झाझड़िया ने जवान की शहादत को नमन करते हुए कहा कि, "तारानगर तहसील के गांव ढाणी आशा के वीर शहीद राइफलमैन विजय कुमार धीनवाल ने देश की सेवा में अपना सब कुछ अर्पित कर दिया। उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद विजय कुमार धीनवाल जैसे साहसी सपूतों के कारण ही हमारा देश सुरक्षित है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शहीद के परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत शहीद की आत्मा को शांति दें और शोक संतप्त परिवार को इस दुखद घड़ी में संबल प्रदान करें।"

Updated on:
9 Sep 2024, 3:46 PM IST
Published on: