वहीं बोर्ड इतिहास में यह पहला मौका है, जब मार्च में रिजल्ट घोषित किया जा रहा है। दरअसल, राज्य सरकार ने एक अप्रेल से नया सत्र शुरू करने के निर्देश दिए थे। ऐसे में बोर्ड प्रशासन ने 10वीं का रिजल्ट पहले घोषित किया है।
चूरू. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार दोपहर दसवीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम जारी किया। इसके साथ ही चूरू जिले के 36 हजार 758 छात्र-छात्राओं का इंतजार खत्म हो गया। इस बार भी बेटियों ने बेटों को पछाड़ दिया है। दसवीं बोर्ड परीक्षा में इस बार 19 हजार 120 छात्र बैठे जिनमें से 17 हजार 910 पास हुए। इसमें छात्रों का परिणाम 93.67 फीसदी रहा।
वहीं 17 हजार 638 बेटियों ने परीक्षा दी जिसमें 16 हजार 813 पास हुई हैं। बेटियों का परिणाम 95.32 रहा। जिले का ओवरऑल रिजल्ट 94.46 फीसदी रहा। रतनगढ़ की गुड शेफर्ड पब्लिक सैकेंडरी स्कूल के दो छात्र अनन्य मित्तल और अंकित वर्मा तथा तारानगर तहसील की चौधरी लादूराम गोदारा मेमोरियल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र नमन ने 99 फीसदी अंक हासिल कर जिले में टॉप किया है। अनन्य वैज्ञानिक एवं अंकित प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहता है।
वहीं, रतनगढ़ के श्री रघुनाथ स्कूल की छात्रा दीक्षा डूडी ने 98.50 फीसदी अंक हासिल कर दूसरे, जबकि तारानगर के ही चौधरी लादूराम गोदारा मेमोरियल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ही छात्र मौलिक ने 98.33 फीसदी अंक हासिल कर जिले में तीसरे स्थान पर रहे। उल्लेखनीय है कि परीक्षा के लिए 37 हजार 271 बच्चे पंजीकृत थे। इनमें से 19 हजार 446 छात्र, जबकि 17 हजार 825 छात्राएं थीं। परीक्षा 19 हजार 120 छात्र एवं 17 हजार 638 छात्राओं ने दी। प्रथम, द्वितीय और तृतीय क्रमश: 21 हजार 061, 11 हजार 413 और 2 हजार 248 विद्यार्थी रहे। इस प्रकार जिले का रिजल्ट 94.46 फीसदी रहा। राज्य में जिले का स्थान 19वां रहा।
वहीं, परीक्षा परीणाम (प्रवेशिका) 2026 के लिए 208 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें 100 छात्र, जबकि 108 छात्राएं थीं। इनमें से 97 छात्र एवं 105 छात्राओं ने बाजी मारी। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी में क्रमश: 61, 86 एवं 41 विद्यार्थी पास हुए। परिणाम 93.07 फीसदी रहा। राज्य में जिले का स्थान 10वां रहा।
ऐसा पहली बार है, जब 10वीं का रिजल्ट (RBSE 10th Result 2026) 12वीं से पहले जारी हो रहा है। वहीं बोर्ड इतिहास में यह पहला मौका है, जब मार्च में रिजल्ट घोषित किया जा रहा है। दरअसल, राज्य सरकार ने एक अप्रेल से नया सत्र शुरू करने के निर्देश दिए थे। ऐसे में बोर्ड प्रशासन ने 10वीं का रिजल्ट पहले घोषित किया है। इस साल 12 फरवरी को शुरू हुई बोर्ड की परीक्षाएं 28 फरवरी तक चलीं।