
चूरू. नव संवत्सर का अंचल में बारिश की रिमझिम बूंदों ने स्वागत किया। गुरुवार को सुबह से आसमान में घटाटोप बादल छाए तथा सूर्य कभी कभार बादलों से झांकते दिखे। सुबह आठ बजे के करीब एकाएक रिमझिम बारिश शुरू हुई। हालांकि बरसात तेज नहीं थी लेकिन इससे जहां प्रात:कालीन कामकाज प्रभावित हुए वहीं खेतों में रबी सीजन की चल रही लावणी का काम बाधित हुआ। मौसम विभाग ने न्यूनतम 17.6 तथा अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
किसानों की बढ़ी चिंता
चैत्र प्रतिपदा पर मौसम के मिजाज को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में चना और सरसों की फसल की कटाई का कार्य चल रहा है। खेतों में फसलों की ढेरिया पड़ी है तथा खलिहान में सूखने के लिए डाली गई फसलों को तिरपाल से ढंका भी गया है। फिर भी खुले में पड़ी फसल पर बारिश ज्यादा हुई तो नुकसान हो सकता है। इसलिए किसान फसलों को बचाने की जुगत में लगे हुए है।
अनेक ग्रामीण क्षेत्रों बारिश का दौर जारी
अंचल के कई क्षेत्रों में गुरुवार को रुक रुक बारिश होने का दौर जारी रहा। रतनपुरा के मांगेराम ने बताया कि दोपहर को करीब तीन चार अंगुल बारिश हुई। खेतों में अभी सरसों चने की फसलों की कटाई की जा रही है। मांगेराम ने बताया कि हालांकि कई जगहों पर लावणी हो चुकी है लेकिन कई खेतों में चने की कटाई चल रही है तो कई खेतों में फसल खड़ी है। बारिश के कारण लावणी का काम प्रभावित हो रहा है तो कई खेतों में फसल की कटाई के लिए किसान तैयार है। किसानों ने बताया कि खड़ी फसल को बारिश से कोई ज्यादा असर नही पड़ेगा लेकिन कटी हुई फसल को इस बारिश से नुकसान होगा जिससे किसान चिंतातुर है।
दिनभर छाए रहे बादल
चूरू में जहां दिनभर बादलों के छाए रहने से मौसम बरसाती बना रहा है तो बीच बीच में बूंदाबांदी भी होती रही।
मौसम अपडेट
20 मार्च को राज्य के कुछ संभागों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है लेकिन बीकानेर संभाग में मौसम मुख्यत:शुष्क रहने की संभावना है। 21 मार्च को मौसम शुष्क रहने एवं 22 मार्च को पुनः बीकानेर संभाग तथा शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कंही-कंही हल्की बारिश होने की संभावना है।
अंचल में हुई बूंदाबांदी से किसान चिंतित, लावणी का कार्य हुआ बाधित
सादुलपुर. क्षेत्र में गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और दिनभर रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी होती रही। दोपहर बाद करीब 3 बजे 10 मिनट तक तेज बारिश का दौर चला, जिससे किसानों की चिंताएं और बढ़ गईं। तहसील क्षेत्र में रबी फसलों की कटाई कार्य में जुटे किसानों को इस बारिश से नुकसान की आशंका सताने लगी है। ग्रामीण किसान नरेंद्र सिंह मेहरा, धर्मवीर सिंह मितड़, चंद्रभान मितड़ एवं महताब सिंह ने बताया कि बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश से खेतों में काटकर खुले में रखी चना व सरसों की फसल पहले ही प्रभावित हुई। गुरुवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश से फसलों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे करवाकर फसलों के नुकसान का सही आकलन तथा तुरंत गिरदावरी कराकर किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते सहायता नहीं मिली, तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
राजलदेसर में दिनभर छाए रहे बादल
राजलदेसर. बुधवार रात से बदले मौसम का असर गुरुवार को भी रहा। रात साढे बारह बजे से सर्द हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। गुरुवार बाद दोपहर तक रुक रुक कर बूंदाबांदी होने का दौर जारी रहा। हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी से मौसम सर्द हो गया। गली- मोहल्लों एवं आम रास्तों पर बूंदाबांदी से कीचड़ फैल गया। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बूंदाबांदी होने के समाचार मिले हैं।
सांखू में हल्की बारिश
सांखू फोर्ट. कस्बे सहित क्षेत्र में गुरुवार को सुबह से आसमान में घने काले बादल छाए रहे। दोपहर बाद तेज हवाओ के साथ हल्की बूंदाबांदी तो कभी हल्की बारिश हुई।मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी देखने को मिला। जहां लोग पिछले दिनों गर्मी से परेशान थे, वहीं गुरुवार को हल्की सर्दी का अहसास हुआ। अचानक आने वाली बूंदाबांदी से शीतल हुए मौसम में कई लोग हल्के गर्म कपड़ों में नजर आए। खेतों में खड़ी व कटी दोनों फसलों में नुकसान पहुंचाया है तेज हवाओ से कटी चने की फसल उड़ कर बिखर गई तो खड़ी फसल आड़ी पड़ गई और बारिश से भीग गई।ऐसे में किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
किसान हुए परेशान
तारानगर. क्षेत्र में गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे व रूक-रूक कर हल्की बूंदाबांदी होती रही। बूंदाबांदी व दिन भर तेज शीत हवाएं चलने के कारण लोगों को सर्दी का एहसास होता रहा। बूंदाबांदी के कारण खेत में फसल कटाई का कार्य कर रहे किसानों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बरसात से फसल हुई प्रभावित
नीमा. नीमा, हमीरवास, जसवंतपुरा, चांदगोठी और नवा भेंसली क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। क्षेत्र की सरसों, गेहूं और चने की फसलें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। कई जगहों पर खेतों में पानी भरने से फसलें गिर गई हैं। खासकर पक चुकी सरसों और चने की फसल को नुकसान हुआ है, वहीं गेहूं की बालियां झुक गई हैं, जिससे उत्पादन में गिरावट की आशंका है। किसानों का कहना है कि पूरी साल की मेहनत बारिश ने खराब कर दी है। कई किसानों के लिए लागत निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से मुआवजा और राहत की मांग की है। कृषि विशेषज्ञों ने चेताया है कि लगातार नमी और पानी भराव से फसलों में रोग बढ़ने का खतरा भी है, जिससे नुकसान और बढ़ सकता है।
बदला मौसम
बीदासर. कस्बे में गुरुवार को मौसम अचानक बदल गया और रात के समय तेज हवाओं के कारण नगरवासियों को सर्दी का अहसास होने लगा। गुरुवार की सुबह से आसमान बादलों से ढक गया और दिनभर रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।
Published on:
20 Mar 2026 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
