चूरू

RBSE 12th Result : राजस्थान बोर्ड 12वीं परिणाम : बेटियों की शानदार उड़ान, तीनों वर्ग में लहराया परचम

चूरू. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार सुबह 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार भी कला, विज्ञान और वाणिज्य का परिणाम एक साथ जारी किया गया। एक बार फिर बेटियों का जलवा रहा और तीनों वर्ग में बेटों को पीछे छोड़ते हुए बाजी मारी। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मंगलवार सुबह रिजल्ट […]

3 min read
Apr 01, 2026
एआई तस्वीर

चूरू. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार सुबह 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार भी कला, विज्ञान और वाणिज्य का परिणाम एक साथ जारी किया गया। एक बार फिर बेटियों का जलवा रहा और तीनों वर्ग में बेटों को पीछे छोड़ते हुए बाजी मारी। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मंगलवार सुबह रिजल्ट जारी करते हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चूरू जिले के तारानगर तहसील के छात्र हर्षवर्धन आसेरी ने विज्ञान वर्ग में 99.60 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा, जबकि जिले में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, तारानगर की ही छात्रा आईना ने कला वर्ग में 99.20% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान पर रही।

विज्ञान वर्ग में चूरू जिले में 8 हजार 712 स्टूडेंट्स का रजिस्ट्रेशन हुआ था। इनमें 5 हजार 194 लड़के और 3 हजार 240 लड़कियां पास हुई हैं। इसमें 96.72 प्रतिशत लड़के और 98.78 प्रतिशत लड़कियां पास हुई है। वहीं, कला वर्ग में 22 हजार 333 स्टूडेंट्स का नामांकन हुआ था। इसमें 10 हजार 033 लड़के और 11 हजार 534 लड़कियां पास हुईं। कला में लड़कियों का पास प्रतिशत 98.93, जबकि 96.49 प्रतिशत लड़के पास हुए हैं।

वाणिज्य में भी लड़कियों ने बाजी मारते हुए लड़कों को पीछे छोड़। वाणिज्य में 1 हजार 374 स्टूडेंट परीक्षा में बैठे थे जिनमें 1006 लड़के और 368 लड़कियां पास हुई। यहां लड़कियों ने 99.46 प्रतिशत और 98.49 प्रतिशत लड़के पास हुए है। रिजल्ट आते ही स्कूलों में मिठाइयां बांटी गईं और छात्रों-शिक्षकों ने मिलकर इस सफलता का जश्न मनाया।

मॉडर्न प्रिंस स्कूल तारानगर के छात्र हर्षवर्धन विज्ञान में 99.60% के साथ प्रदेश में दूसरे नंबर पर पाया स्थान, छात्रा आईना 99.20% के साथ जिला टॉपर रही

तारानगर. 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम (RBSE 12th Board Result2026) में तारानगर के मॉडर्न प्रिंस स्कूल के छात्र हर्षवर्धन आसेरी पुत्र जुगलकिशोर आसेरी ने 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राजस्थान प्रदेश में दूसरा स्थान व चूरू जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। छात्र हर्षवर्धन एक साधारण परिवार से संबंध रखता है। उसके पिता जुगल किशोर आसेरी हेल्थ सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं व माता रेणु देवी गृहिणी हैं।

हर्षवर्धन ने बताया कि वह नियमित 7-8 घंटे एकाग्रता से पढ़ाई करता था। आईएएस बनकर देश सेवा करना चाहता हूं। हर्षवर्धन ने आगे बताया कि वह मोबाइल फोन व सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखता था और लक्ष्य बनाकर रोजाना कड़ी मेहनत से पढ़ता था ताकि वह अपने माता-पिता का नाम रोशन कर सके।

हर्षवर्धन ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत के साथ माता-पिता व बड़ों के आशीर्वाद एवं गुरुजनों के उचित मार्गदर्शन को दिया है। मॉडर्न प्रिंस स्कूल तारानगर के संचालक के पोकरराम पूनिया ने बताया कि हर्षवर्धन पढ़ाई में होशियार होने के साथ-साथ बहुत ही अनुशासित विद्यार्थी था। उसने प्रदेश में दूसरा व चूरू जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल व तारानगर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

वहीं, इसी स्कूल की छात्रा आईना पुत्री परमेश्वर लाल ने 99.20% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। स्कूल के संचालक पोकररराम पूनिया ने बताया कि 12वीं कला वर्ग परीक्षा परिणाम में छात्रा आईना ने 99.20% अंकों के साथ चूरू जिला व तारानगर तहसील टॉपर रही है वंही स्कूल की छात्रा अनीता पुत्री भीवाराम ने 99% अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

तहसील के बास सारायण गांव निवासी आईना के पिता परमेश्वर लाल खेती-बाड़ी का काम करते हैं। वहीं माता विमला देवी गृहिणी है। आईना ने रोजाना कड़ी मेहनत के साथ नियमित 7-8 घंटे पढ़ाई कर व मोबाइल फोन व सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखकर यह सफलता हासिल की है। आईना प्रशासनिक अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहती है। आईना ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत के साथ माता-पिता व बुजुर्गों के आशीर्वाद एवं गुरुजनों के सही मार्गदर्शन को दिया है। 99 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा अनीता तारानगर तहसील के ढाणी तेतरवाल की रहने वाली है। साधारण परिवार से संबंध रखने वाली अनीता भी प्रशासनिक अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहती है अनीता भी नियमित 8 घंटे कड़ी मेहनत के साथ पढ़ती थी।

Published on:
01 Apr 2026 01:01 pm
Also Read
View All

अगली खबर