चूरू

जनप्रतिनिधि बोले, बैठक में अधिकारी ही नहीं हैं तो समस्याएं किसे बताएं

पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को प्रधान संतोष मेघवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पानी, बिजली, स्वास्थ्य व आपणी योजना के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के नहीं पहुंचने को लेकर जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश जताया।
2 min read
Feb 16, 2019
churu news
जनप्रतिनिधि बोले, बैठक में अधिकारी ही नहीं हैं तो समस्याएं किसे बताएं

बीदासर. पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को प्रधान संतोष मेघवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पानी, बिजली, स्वास्थ्य व आपणी योजना के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के नहीं पहुंचने को लेकर जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश जताया।ईयारा सरपंच सोहनलाल लोहमरोड़ व पंस सदस्य पुखराज केवटिया ने कहा कि बैठक में ब्लॉक स्तरीय अधिकारी नहीं है तो संबंधित विभाग की समस्या किसको बताएं। बैठक में उच्चधिकारी कभी कभार आते हैं तो गोलमोल जबाव देकर चले जाते हैं। जनप्रतिनिधि दूर दराज क्षेत्र से अपना समय निकाल कर समस्याएं लेकर बैठक में आते हैं। लेकिन संबंधित विभागों के अधिकारी नही आने से समस्याओं का कोई समाधान नहीं होता। ऐसे में जनप्रतिनिधियों का बैठक में आने का क्या औचित्य है। बैठक में नहीं आने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सरपंच जगदीश ढाका व जेसाराम प्रजापत सहित उपस्थित सदस्यों ने इसका समर्थन किया। सरपंच लोहमरोड ने कहा कि सुजानगढ़ पंचायत समिति की बैठक में सारे अधिकारी आते हैं। लेकिन बीदासर की बैठक में नहीं आते हैं।
उन्होंने कहा कि ट्यूबवैलों की गहराई 1500 फीट होनी चाहिए। जबकि 1000 फीट पर ही होने से ये फेल हो गए हैं। अनेक सरपंचों ने कहा कि ग्राम पंचायत क्षेत्रों में आपणी योजना के तहत पाइप लाइनें डालने के लिए बिना स्वीकृति सड़कें व इंटर लोक तोड़े जा रहे हैं। कार्यवाहक बीडीओ किशोर कुमार ने कहा कि अधिकारी साधारण सभा कीे बैठक की अनुपालना रिपोर्ट नहीं भेजते हैं। भविष्य में अनुपालना रिपोर्ट 15 दिन में भेजी जाए। खाद्य सुरक्षा योजना व पेंशन योजना से वंचित लोगों के नाम जन प्रतिनिधि ई-मित्र के माध्यम से जुडवाएं। ताकि सरकार की योजनाओं का उन्हें लाभ मिल सके। बैठक में गत बैठक की अनुपालना व पुष्टि के बाद मनरेगा प्लान व जीपीडीपी प्लान के अनुमोदन पर चर्चा आदि प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। प्रधान संतोष मेघवाल ने कहा कि बैठक में नहीं आने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कार्यवाहक एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा, सीबीईओ सुखदेवाराम प्रजापत, सानिवि के सहायक अभियन्ता विमल कुमार सैनी सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच व पंस सदस्य उपस्थित थे।

Updated on:
16 Feb 2019 02:17 pm
Published on:
16 Feb 2019 02:17 pm