चूरू

हाथों में झाडू लेकर निकाला जुलूस, प्रदर्शन

नगरपालिका में सफाई कर्मचारियों की भर्ती में अनियमितता बरतने का आरोप
2 min read
Jul 19, 2018
churu valmiki samaj  protest news
churu photo

सादुलपुर.

नगरपालिका में सफाई कर्मचारियों की भर्ती में अनियमितता बरतने के आरोप में बुधवार को वाल्मीकि समाज के लोगों ने जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। नगरपालिका कार्यालय के सामने एकत्रित हुए वाल्मीकि समाज के लोगों ने हाथों में झाड़ू लेकर जुलूस निकाला तथा नारेबाजी करते हुए मिनी सचिवालय पहुंचे। जहां सांकेतिक रूप से सड़क जाम कर विरोध जताया। वाल्मीकि समाज के लोगों ने कहा कि आज भी वाल्मीकि समाज की हालत दयनीय है। अपने परिवार का पालन पोषण करते आ रहे हैं लेकिन सरकार ने आरक्षण के नाम पर दूसरे समाज के लोगों को सफाई कर्मचारी बनाकर उनके हक और अधिकारों पर कुठाराघात किया है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सफाईकर्मी भर्ती में कुल 1047 आवेदन पत्र आए थे। लेकिन पालिमा में आवेदनों की संख्या बढ़कर 1055 कैसे हो गई। जीतू चावरिया, संजय कुमार, प्रवीण कुमार, उमेद कुमार, मनोज कुमार, सुमन देवी, रंजिनी, किशनलाल, संदीप, महेंद,्र सपना, मुकेश, अजय, रमेश व मंतूराम ने कहा, हमें दूसरे समाज के लोगों से कोई आपत्ति नहीं है। सफाई कार्य उनको करना होगा।

यह है मांग
वाल्मीकि समाज की ओर से मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि बजट घोषणा में 21136 पदों पर सफाई कर्मी की भर्ती निकाली थी। भर्ती के समय नौकरियों में जातियों की श्रेणी के आधार पर भर्ती की जो उचित नहीं है। ज्ञापन में आवेदनों की बढ़ी संख्या पर जांच की मांग की गई। अन्य जातियों के भर्ती हुए लोगों को सफाई कार्य ही करवाया जाएं। अन्य कार्य करवाएं तो इसे सहन नहीं किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया है कि आवेदकों के अनुभव प्रमाण पत्रों की निष्पक्षता से जांच गलत की गई है। भर्ती में कम्प्यूजराइज लॉटरी प्रक्रिया को असंवैधानिक बताया। न्यायालय ने १९ जुलाई तक का समय दिया था लेकिन सरकार ने 9 जुलाई को ही सूची जारी कर दी। जो न्यायसंगत नहीं है। वाल्मीकि समाज ने कहा कि यदि24 घंटें में मांगे नहीं मानी तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

वाल्मीकि समाज का धरना जारी

राजलदेसर. नगरपालिका में हुई सफाइकर्मी भर्ती में चयन नहीं होने से क्षुब्ध वाल्मीकि समाज के लोगों का धरना पालिका के सामने बुधवार को तीसरे दिन जारी रहा। धरने पर महिलाओं ने पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा उन्हे सद्बुद्धि देने के लिए भजन- किर्तन किए। राजूदेवी के नेतृत्व में चल रहे धरने पर बैठी महिलाओं ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में जमकर धांधली की गई है। जब तक धांधली व भ्रष्टाचार की जांच नहीं होगी तब तक धरना जारी रहेगा। धरनार्थियों से वार्ता के लिए तीसरे दिन भी कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा। पालिका में पुलिस जाप्ता तैनात रहा।

Published on:
19 Jul 2018 01:19 pm