मौसम विशेषज्ञों ने राजस्थान में अगले 5 दिन मौसम शुष्क रहने और 18 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोम फिर से सक्रिय होने की संभावना बताई है।
चूरू. पौष कृष्ण पक्ष में चल रहे शुष्क मौसम के साथ बीच बीच में आ रहे बदलाव के क्रम में नवमी तक आसमान में छाए बादलों से सर्दी का असर थोड़ा कम हुआ लेकिन हवा में थोड़ी नमी रहने से मौसम में गलन रही। रविवार को सुबह अच्छी धूप खिली लेकिन बाद में आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। छाए ध्वल बादलों से नीला आसमान रंगीन हो उठा। मौसम विभाग ने न्यूनतम 9.8 तथा अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
सर्द हवाएं पड़ी कमजोर
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर रहा लेकिन सर्दी के तेवर नरम पड़े और हवा में शीतलता कम होने से रात का तापमान बढ़ा। संभाग के चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित उत्तर पश्चिम जिलों में बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमापी पारा बढ़ा है। सुबह शाम चलनेवाली सर्द हवाएं कमजोर पड़ने से सर्दी के तीखे तेवर नरम पड़े हैं।
मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विशेषज्ञों ने राजस्थान में अगले 5 दिन मौसम शुष्क रहने और 18 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोम फिर से सक्रिय होने की संभावना बताई है। इसी क्रम में पिछले 24 घंटे का प्रदेश के बन रहे मौसम में बीकानेर संभाग के अलावा झुंझुनूं, सीकर सहित अन्य जिलो में बादलों की आवाजाही रही है। आसमान में छाए बादलों के कारण उत्तर से आने वाली हवाएं कमजोर रही और लोगों को शीतलहर और कड़ाके की सर्दी कमजोर पड़ी है।
अधिकतम तापमान गिरा
अंचल में छाए छिताराए बादलों के कारण रविवार को धूप कमजोर रही। रवि बादलों की ओट से झांकते नजर आए। बादलवाही से गत दिवस अधिकतम तापमान में गिरावट आई लेकिन सुबह का तापमान बढ़ा।