चूरू

Churu: ‘पति और सास-ससुर करते हैं पिटाई’, जमीन बेचने के विरोध पर मारपीट का आरोप, 10 महीने पहले भी पुलिस ने किया था पाबंद

चूरू में जमीन बेचने के विरोध को लेकर महिला ने पति, सास और ससुर पर मारपीट का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि पति ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार किया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Aug 20, 2026
Rajasthan Police
पुलिस जीप की फाइल फोटो: पत्रिका

Woman Assaulted In Family Dispute: सरदारशहर के जयसंगसर गांव में कृषि भूमि बेचने के विवाद को लेकर घरेलू कलह ने हिंसक रूप ले लिया। महिला ने पति पर कुल्हाड़ी से सिर पर वार करने समेत पति, सास और ससुर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घायल महिला को भाई ने एंबुलेंस की मदद से सरदारशहर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार किया गया। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जमीन बेचने का विरोध करने पर विवाद का आरोप

पुलिस सूत्रों के अनुसार जयसंगसर निवासी संगीता (28) पत्नी ताराचंद जाट ने अपने भाई पंकज के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति ताराचंद, ससुर हनुमानाराम और सास इमरती देवी लंबे समय से उसे परेशान करते हैं तथा आए दिन उसके साथ झगड़ा और मारपीट करते हैं। महिला का आरोप है कि पति और ससुर शराब के आदी हैं और कृषि भूमि बेचने का प्रयास कर रहे हैं। जमीन बेचने का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। रिपोर्ट के अनुसार 10 जुलाई को कृषि भूमि को लेकर उपखंड अधिकारी सरदारशहर की ओर से स्टे ऑर्डर भी जारी किया गया था।

खरीदार पर परिवार को भड़काने का आरोप

महिला ने पुलिस को बताया कि जयसंगसर निवासी शंकरलाल उसके पति और ससुर से जमीन खरीदने का प्रयास कर रहा है। आरोप है कि वह परिवार के सदस्यों को उसके खिलाफ भड़का रहा है। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।

रात 8.15 बजे किया हमला

रिपोर्ट में महिला ने बताया कि 16 अगस्त की रात करीब 8.15 बजे पति ताराचंद, ससुर हनुमानाराम और सास इमरती देवी ने एकराय होकर उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान पति ने जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में उसके सिर में चोट लगी।

भाई ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद महिला ने अपने भाई पंकज को सूचना दी। भाई ने एंबुलेंस बुलाकर उसे राजस्थान के चूरू जिले में स्थित सरदारशहर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार अस्पताल में महिला के सिर पर चोट के कारण पट्टी बंधी हुई थी और उसका उपचार किया गया।

10 माह पहले भी मारपीट का आरोप

महिला ने पुलिस को बताया कि करीब 10 माह पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। उस समय पुलिस ने संबंधित लोगों को पाबंद किया था। महिला ने दोबारा हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए आरोपियों से जान-माल का खतरा भी बताया है।

जांच एएसआई जगदीश प्रसाद को

पुलिस ने चोट के मुलाहिजे और महिला की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद को सौंपी गई है।

Updated on:
20 Aug 2026 09:36 am
Published on:
20 Aug 2026 09:17 am