
Churu: पकड़ी गई शराब के कार्टन (फोटो-पत्रिका)
चूरू। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नकेल के तहत चूरू कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एनएच-52 पर नाकाबंदी के दौरान अंग्रेजी शराब से भरा एक बंद बॉडी कंटेनर पकड़ा। तलाशी में कंटेनर से विभिन्न ब्रांड की 961 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। मामले में कंटेनर चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। एएसपी सुनील कुमार और डीएसपी गजेन्द्र सिंह के सुपरविजन में तथा कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम गढ़ चौराहा, लाल घंटाघर होते हुए आपणो पेट्रोल पंप के पास पहुंची। यहां मुखबिर से सूचना मिली कि राजगढ़ की तरफ से एक बंद बॉडी कंटेनर चूरू की ओर आ रहा है, जिसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरी हुई है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने एनएच-52 स्थित लाम्बा पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी कर दी। शाम करीब 7.05 बजे राजगढ़ की तरफ से एक कंटेनर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकवाकर तलाशी ली तो अंदर शराब के कार्टन देखकर टीम के होश उड़ गए। गिनती करने पर कंटेनर में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कुल 961 कार्टन मिले।
पुलिस ने कंटेनर चालक नवीन पुत्र सुंदर निवासी बासपदम, जिला गुरुग्राम, हरियाणा और खलासी साहिल पुत्र कृष्ण उर्फ किशनलाल निवासी बासपदम, जिला गुरुग्राम, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से शराब की तस्करी और कंटेनर के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब को चंडीगढ़ से गुजरात ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसने भेजी थी और इसे गुजरात में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। मामले में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मामले को लेकर कोतवाली थाने में राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के दौरान शराब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Updated on:
09 Aug 2026 05:51 pm
Published on:
09 Aug 2026 05:51 pm
