
प्लास्टर गिरने से घायल महिला की फोटो: पत्रिका
Ceiling Plaster Fall In Govt Hospital: राजस्थान के चूरू जिले के राजकीय मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल की छत से अचानक सीलिंग (प्लास्टर) का हिस्सा टूटकर गिरने से उपचार के लिए आई एक ग्रामीण महिला घायल हो गई। राहत की बात यह रही कि प्लास्टर टुकड़ों में बिखरकर गिरा, जिससे गंभीर जनहानि टल गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीज व उनके परिजन सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हादसे में गुलेरिया गांव निवासी किरण मेघवाल के सिर पर चोट लगी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर में दो टांके लगाए। उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया गया।
अस्पताल प्रभारी डॉ. बंशीधर ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति को लेकर पीएमओ को कई बार अवगत कराया जा चुका है। मंगलवार को ही सुरक्षा गार्ड को संबंधित स्थान पर लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि अस्पताल के अन्य हिस्से भी जर्जर हैं, जिससे भविष्य में भी खतरा बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत का प्लास्टर अचानक गिरा जिससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और स्टाफ में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति का जायजा लिया और जर्जर हिस्सों को लेकर फिर से चिंता जताई गई। लोगों ने भवन की जल्द मरम्मत की मांग की है।
जनाना अस्पताल को करीब साढ़े तीन वर्ष पहले उप जिला अस्पताल से इस भवन में स्थानांतरित किया गया था। उस समय भी भवन की जर्जर हालत को लेकर तत्कालीन भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र गुर्जर ने आपत्ति दर्ज कर शिकायत की थी। विभागीय स्तर पर जांच समिति भी गठित हुई, लेकिन उसके निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किए गए। बाद में तत्कालीन पीएमओ को एपीओ किया गया, हालांकि भवन की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई।
चूरू जिले के जनाना अस्पताल की ओपीडी प्रतिदिन करीब 550 से 600 मरीजों तक पहुंचती है। ऐसे में भवन की जर्जर स्थिति मरीजों, गर्भवती महिलाओं और नवजातों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
Updated on:
06 Aug 2026 12:11 pm
Published on:
06 Aug 2026 12:11 pm
