
दंपती और हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार (Photo-Patrika)
कोटा। भीमगंजमंडी थाना पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए उधार दिए 2.29 लाख रुपए वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने और 50 हजार रुपए की सुपारी देकर हत्या की साजिश रचने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक पेन ड्राइव भी बरामद किया है।
सीआई रामविलास मीणा ने बताया कि फरियादी मनोज सक्सेना (38) ने 7 अगस्त को भीमगंजमंडी थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि उसके पुराने परिचित आशीष सिंह उर्फ आशु ने शादी और बच्चों के इलाज के लिए रुपए की जरूरत बताते हुए उससे करीब सवा साल पहले 2.29 लाख रुपए उधार लिए थे। कई बार तकाजा करने के बावजूद रुपए वापस नहीं किए गए। आरोप हैं कि रुपए मांगने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आशीष की पत्नी शैवाली सिंह और आशीष उर्फ चव्वनी उसे धमकाते थे। आरोप है कि शैवाली ने हिस्ट्रीशीटर आशीष उर्फ चव्वनी को मनोज की हत्या के लिए 50 हजार रुपए की सुपारी दी थी।
फरियादी के पास दोनों के बीच हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप भी पहुंची, जिसे उसने पुलिस को उपलब्ध कराया। पुलिस ने इस आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीआई ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर तीनों को डिटेन कर पूछताछ की। अनुसंधान में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष सिंह उर्फ आशु (35), उसकी पत्नी शैवाली सिंह (31) और आशीष उर्फ चव्वनी (35) शामिल हैं। आशीष सिंह डडवाड़ा स्थित लालबाई माता मंदिर के पास का रहने वाला है, जबकि आशीष उर्फ चव्वनी न्यू रेलवे वर्कशॉप कॉलोनी का निवासी है। पुलिस के अनुसार चव्वनी थाना रेलवे कॉलोनी और भीमगंजमंडी क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर और आपराधिक प्रवृत्ति का है। पुलिस अब ऑडियो क्लिप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने और किन लोगों से संपर्क किया था।
Updated on:
09 Aug 2026 03:28 pm
Published on:
09 Aug 2026 03:28 pm
