चूरू

पहले विवाह के बाद तलाक का दंश, दूसरी शादी का और भी खौफनाक अंजाम, पढ़ कर दिल दहल जाएगा

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Nov 12, 2018
woman sold in 1.5 lakh rupees, raped, threatened, complaint filed
woman sold in 1.5 lakh rupees, raped, threatened, complaint filed

चूरू/तारानगर। एक महिला ने शादी का झांसा देकर उसको बेचने व उसको डरा-धमकाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सोमवार को पुलिस में दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक गांव महात्मा निवासी महिला ने रिपोर्ट दी कि उसकी पहली शादी सीकर जिले के श्रीमाधोपुर तहसील के गांव कोटड़ी में हुई थी। शादी के बाद सामाजिक रीति-रिवाज से उसका तलाक हो गया। तलाक के बाद महिला अपने पिता के पास गांव महात्मा रहने लगी। महिला गांव के बनवारी प्रजापत की तारानगर स्थित दुकान पर कपड़े खरीदने के लिए कई बार आती-जाती रहती थी।


एक दिन दुकान पर महिला की मुलाकात बीघरान निवासी सुमन कंवर पत्नी लालूसिंह राजपूत के साथ हुई। अच्छी जान-पहचान होने के बाद एक दिन सुमन ने महिला को बिसाऊ निवासी मीरा कंवर से मिलवाया। सुमन, मीरा, बनवारी व पूनरास निवासी धर्मगीर गुसाई ने महिला को कहा कि अभी तुम्हारी उम्र कम है जिंदगी अकेले नहीं कटेगी। हमारे पास तुम्हारे लिए एक अच्छा रिश्ता है। हम तुम्हारी शादी वहां करवा देंगे। इसके बाद मीरा ने अपने रिश्तेदारी में लगने वाले भतीजे गांव पूनरास निवासी महावीरसिंह उर्फ पप्पूसिंह से महिला को मिलवाया। उन्होंने चूरू कोर्ट में महिला व महावीरसिंह को ले जाकर स्टाम्प पर लिखा-पढी कर दोनों की शादी करवा दी।


शादी के डेढ़ माह बाद महावीरसिंह विदेश चला गया। महावीरसिंह के विदेश जाने के बाद उसका पिता भंवरसिंह शारीरिक संबंध बनाने के लिए महिला पर दबाव बनाने लगा। महिला के मना करने पर भंवरसिंह उसके साथ मारपीट करता रहता। जब महिला ने यह बात सुमन, मीरा, बनवारी व धर्मगीर को बताई तो उन्होंने महिला से कहा कि हमनें तो तुम्हे डेढ लाख रूपए में महावीरसिंह को बेचा था। अब तुम जानो हमें तुमसे कोई मतलब नही है।

महिला ने जब अपने पति महावीरसिंह से इस संबंध में फोन पर बात की तो महावीरसिंह ने महिला को बताया कि उसने देह व्यापार करवाने के लिए तुम्हे डेढ लाख रूपए में सुमन, मीरा, बनवारी, धर्मगीर आदि से खरीदा है। हमारी कोई शादी नहीं हुई। तुम्हें धोखे में रखने के लिए कोर्ट में लिखा-पढ़ी करवाई थी। इसके बाद महावीरसिंह के पिता भंवरसिंह ने महिला के पुत्रों को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। भंवरसिंह ने महिला को डरा-धमकाकर अन्य लोगों के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।


इसके बाद सुरेन्द्रसिंह, सुमन कंवर के पति लालूसिंह, बनवारी प्रजापत व धर्मगीर गुसाई ने भी महिला के पुत्रों को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीडि़त महिला की रिपोर्ट पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने चूरू पुलिस अधीक्षक के समक्ष भी प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत कर न्याय दिलाने की गुहार की है।

Published on:
12 Nov 2018 06:53 pm